'आप सरदार पटेल की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं', अमित शाह के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार
राष्ट्रीय एकता दिवस पर अमित शाह के सरदार पटेल को दरकिनार करने के आरोप पर कांग्रेस ने पलटवार किया है।

अमित शाह के आरोपों का सलमान खुर्शीद ने दिया जवाब (फाइल फोटो)
HighLights
अमित शाह ने कांग्रेस पर पटेल को भुलाने का आरोप लगाया।
सलमान खुर्शीद ने कहा- शाह के बयान से पटेल की छवि को नुकसान।
कांग्रेस ने सरदार पटेल के विचारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय एकता दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा, कांग्रेस ने लगातार सरदार वल्लभभाई पटेल को दरकिनार करने और भुलाने की कोशिश की है।
अमित शाह के इस आरोप का जवाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने दिया। कांग्रेस नेता ने कहा, 'इस तरह की बातें देश के पहले उप-प्रधानमंत्री की छवि को ही नुकसान पहुंचाती हैं। हमारा मानना है कि सरदार वल्लभभाई पटेल उतने ही सम्मान के हकदार हैं जितने कोई अन्य महान नेता।'
सलमान खुर्शीद ने अमित शाह को दिया जवाब
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, 'हम सरदार पटेल के विचारों, उनके शब्दों और उनके कार्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं, ठीक वैसे ही जैसा वे स्वयं चाहते थे।'
शाह के बयानों पर सवाल उठाते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा, 'ऐसे में, वे इस तरह की बातें क्यों करते हैं? ऐसी बातें कहकर वे केवल उनकी छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं और उनके प्रति सम्मान को कम कर रहे हैं। यह समझ से परे है कि वे ऐसी बातें क्यों कहते हैं।'
'कांग्रेस ने सरदार पटेल को नहीं दिया सम्मान'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर कहा, 'कई वर्षों तक, भारत ने सरदार पटेल को वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे हकदार थे। कांग्रेस पार्टी ने लगातार सरदार साहब को दरकिनार करने और भुलाने की कोशिश की, लेकिन उनके जैसी तेजस्वी शख्सियत को देश की यादों से कभी मिटाया नहीं जा सकता।'
अमित शाह ने आगे कहा, 'जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर सरदार पटेल की विरासत को सम्मान दिया। इस भव्य श्रद्धांजलि के माध्यम से, प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे देश को सरदार पटेल के महान योगदान और उनके असाधारण व्यक्तित्व से परिचित कराया।'
अमित शाह ने सरदार पटेल के कामों को याद करते हुए कहा, 'सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों को भारतीय संघ में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई, जिसके कारण उन्हें भारत का लौह पुरुष (आयरन मैन ऑफ इंडिया) कहा जाता है।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।