विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वो तो हमारी नकल कर रहे हैं', ट्रंप के '5 हजार डॉलर' वाले वादे पर बोले डीके शिवकुमार

Published: Tue, 15 Sep 2026 01:51 PM (IST)

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दावा किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कांग्रेस के कल्याणकारी मॉडल की नकल कर रहे हैं।

ट्रंप के पांच हजार डॉलर के वादे पर कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार की टिप्पणी। (फाइल फोटो।)

ट्रंप के पांच हजार डॉलर के वादे पर कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार की टिप्पणी। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. डीके शिवकुमार ने ट्रंप पर कांग्रेस मॉडल नकल का आरोप लगाया।

  2. ट्रंप ने अमेरिकी वयस्कों को 5,000 डॉलर देने का वादा किया।

  3. शिवकुमार ने कहा, भारत के बाद अब अमेरिका भी नकल कर रहा।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दावा किया है कि कई भारतीय राज्यों के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप भी कांग्रेस के कल्याणकारी मॉडल की नकल कर रहे हैं।

यह टिप्पणी ट्रंप के उस वादे के कुछ दिनों बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर इस साल के मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस पर नियंत्रण बना रहता है तो वे हर वयस्क अमेरिकी को 5,000 डॉलर देंगे।

'कांग्रस के मॉडल की नकल कर रहे ट्रंप'

बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में बोलते हुए शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस के कल्याणकारी मॉडल को महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में अपनाया गया है और अब अमेरिका भी इसकी नकल कर रहा है।

उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र ने हमारी नकल की। मध्य प्रदेश ने हमारी नकल की। राजस्थान ने नकल की। बिहार ने नकल की। अब ट्रंप हमारी नकल कर रहे हैं!" शिवकुमार ने कहा, "क्या आपने देखा? 5,000 डॉलर। कितना? 5,000! अब, वहां इसकी कॉपी कौन डाल रहा है? ट्रंप कह रहे हैं कि अगर उन्हें वोट दिया गया तो वह इतने डॉलर देंगे। इसका मतलब है कि हमारी सोच से न सिर्फ भारत, बल्कि पूरी दुनिया को परिचित कराया जा रहा है। यह कांग्रेस पार्टी की ताकत है।"

ट्रंप ने क्या कहा था?

पिछले हफ्ते 9 सितंबर को रिपब्लिकन पार्टी के कन्वेंशन में एक भाषण के दौरान ट्रंप ने 5,000 डॉलर के पेमेंट का आइडिया दिया था। ट्रंप ने कहा, "अगर रिपब्लिकन जीतते हैं तो आप भी हमारे साथ जीतेंगे और आपको 5,000 डॉलर मिलेंगे। इसे ट्रंप डिविडेंड कहा जाएगा।"

ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिका उनके इस वादे को पूरा कर सकता है। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या इस पेमेंट के लिए कांग्रेस की मंजूरी की जरूरत होगी तो ट्रंप ने कहा, "मुझे नहीं पता लेकिन अगर रिपब्लिकन जीतते हैं तो यह आसान है। देश के सभी वयस्कों को 5,000 डॉलर दिए जा सकते हैं और हम आसानी से ऐसा कर सकते हैं क्योंकि हमारे पास बहुत पैसा आ रहा है।"

यह भी पढ़ें: 'सत्ता बरकरार रही तो दूंगा 5 हजार डॉलर', अमेरिका की जनता से ट्रंप का बड़ा दावा