आंध्र प्रदेश: पिकअप में आग लगने के बाद धमाका, 5 मजदूरों के उड़े चिथड़े
आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के पिनाकोटा गांव में एक सड़क निर्माण स्थल पर आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई है।

आंध्र प्रदेश में रोड कंस्ट्रक्शन साइट पर लगी आग।
HighLights
अल्लूरी सीताराम राजू जिले में सड़क निर्माण स्थल पर आग।
डंपर में ईंधन भरते समय लगी आग, पांच लोगों की मौत।
पुलिस टीम मौके पर, घटना की विस्तृत जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, पिनाकोटा। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में शनिवार को सड़क निर्माण स्थल पर लगी आग में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। यह घटना संभवतः एक डंपर ट्रक में ईंधन भरते समय हुई।
पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि यह घटना अनंतगिरी मंडल के पिनाकोटा गांव में हुई। चूंकि यह जगह मुख्य इलाके से लगभग 100 किलोमीटर दूर है, इसलिए यहां काम करने वाले लोग अक्सर वाहनों में ईंधन भरने के लिए ड्रमों में डीजल लाते हैं।
'नहीं हुआ कोई धमाका'
उन्होंने कहा कि हो सकता है कि ट्रक का टैंक भरते समय कर्मचारियों ने पर्याप्त सावधानी न बरती हो और किसी चिंगारी की वजह से आग लग गई हो। बरदार ने बताया, "यह कोई धमाका नहीं था। मैं इसे एक आकस्मिक आग कहूंगा। अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो पाई है।"
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई है, जबकि घटना की जांच के लिए एक और टीम के जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई।
शरीर के उड़े चीथड़े
आग सबसे पहले एक पिकअप ट्रक में लगी, फिर पास खड़े एक डम्पर ट्रक और एक दोपहिया वाहन तक फैल गई। ये सभी वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि, पीटीआई वीडियो के अनुसार, आग लगने के बाद एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पीड़ितों के शरीर के अंग घटनास्थल के आसपास बिखर गए।
एक शव वाहन के अंदर मिला, जबकि दो अन्य शव पास ही मिले।बरदार ने बताया कि पिकअप ट्रक सड़क निर्माण का काम कर रहे ठेकेदार का था।
यह भी पढ़ें: हैदराबाद में शादी के खर्च के लिए चेन स्नैचिंग करने वाला जोड़ा गिरफ्तार, सोने के आभूषण बरामद
