भोपाल से जबलपुर और पंजाब तक ‘बंटी-बबली’ के खिलाफ शिकायतें, प्रॉपर्टी के नाम करोड़ों की ठगी; पुलिस ने रिमांड पर लिया
फ्लैट और प्रॉपर्टी के नाम पर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले ‘बंटी-बबली’ यानी बिल्डर दंपती संदीप और संगीता रमतानी का ठगी का नेटवर्क भोपाल से लेकर जबलपुर और पंजाब तक फैला हुआ था।

प्रॉपर्टी के नाम करोड़ों की ठगी, बिल्डर दंपती को पुलिस ने तीन दिन की रिमांड पर लिया (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
प्रॉपर्टी के नाम करोड़ों की ठगी, बिल्डर दंपती को पुलिस ने तीन दिन की रिमांड पर लिया
दुबई में उड़ाई ठगी की रकम, बिल्डरों को भी दिए पैसे, हुलिया बदलकर छिपा रहा संदीप
जेएनएन, भोपाल। फ्लैट और प्रॉपर्टी के नाम पर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले ‘बंटी-बबली’ यानी बिल्डर दंपती संदीप और संगीता रमतानी का ठगी का नेटवर्क भोपाल से लेकर जबलपुर और पंजाब तक फैला हुआ था।
दोनों के खिलाफ अलग-अलग जगह शिकायतें और मामले दर्ज हैं। पुलिस की पड़ताल में करीब 15 स्थायी वारंट मिलने की जानकारी सामने आई है। इसमें पंजाब के रोपड़ से भी चेक बाउंस के मामले में केस दर्ज था और उसके खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए संदीप हुलिया बदलकर भोपाल में रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी संगीता मायके में रह रही थी। पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी पहचान की।
शुक्रवार रात भोपाल की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने आरोपित दंपती को गिरफ्तार किया। बिल्डर दंपती को पुलिस ने तीन दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि दंपती ने ठगी से जुटाई गई रकम का एक हिस्सा दुबई में अय्याशी पर खर्च किया।
वहीं, कुछ रकम बिल्डरों को भी दी गई थी। पुलिस अब इन लेनदेन की पड़ताल कर रही है, ताकि ठगी की रकम का पूरा हिसाब और उससे जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
पुलिस अब दंपती से भोपाल, जबलपुर और पंजाब में दर्ज शिकायतों, ठगी के शिकार लोगों, दुबई में खर्च की गई रकम और बिल्डरों को किए गए भुगतान के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में अन्य पीड़ितों और ठगी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के सामने आने की संभावना है।