'तुरंत दी गई अनुमति', भारत ने श्रीलंका की मदद के लिए PAK को एयरस्पेस न देने की खबरों का किया खंडन
भारत ने मानवीय आधार पर पाकिस्तान को श्रीलंका के लिए राहत सामग्री ले जा रहे विमान को अपने हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति दी। यह अनुमति तब दी गई जब पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर रखा है। श्रीलंका चक्रवात से प्रभावित है और भारत 'ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत राहत सामग्री भेज रहा है।

तूफान दितवाह के कारण श्रीलंका में बिगड़े हालात। (फोटो- रॉयटर्स)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने दितवाह तूफान से प्रभावित श्रीलंका को मानवीय सहायता भेजने के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने के पाकिस्तान के अनुरोध को स्वीकार कर लिया।
इसके साथ ही भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तान में चल रही उन खबरों का खंडन किया है, जिसमें दावा किया गया था कि भारत ने अपने एयरस्पेस का इस्तेमाल करने की इजाजत पाकिस्तान को देने से मना कर दिया था।
पाक ने मांगी थी भारतीय एयरस्पेस उपयोग करने की इजाजत
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान ने सोमवार को लगभग 1300 बजे (IST) भारतीय एयरस्पेस के ऊपर से उड़ान भरने की रिक्वेस्ट की थी, इसमें उसी दिन भारतीय एयरस्पेस के ऊपर से उड़ान भरने की इजाजत मांगी गई थी। इस अनुरोध का मकसद श्रीलंका को मानवीय मदद पहुंचाना था।
भारतीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह मंजूरी पूरी तरीके से मानवीय कदम था, जो पाकिस्तान की ओर से भारतीय एयरलाइन के अपने एयरस्पेस के इस्तेमाल पर बैन लगाए रखने के बावजूद दिया गया।
श्रीलंका झेल रहा कुदरत की मार
बता दें कि चक्रवात दितवाह के कारण श्रीलंका में बाढ़ का सामना कर रहा है। श्रीलंका में कम से कम 334 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, अधिकारी राजधानी कोलंबो के कुछ हिस्सों में बढ़ते बाढ़ के पानी से जूझ रहे हैं।
ऑपरेशन सागर बंधु के जरिए भारत ने श्रीलंका को दी मदद
गौरतलब है कि भारत ने साइक्लोन दितवाह से निपटने के लिए ऑपरेशन सागर बंधु के तहत श्रीलंका को 53 टन राहत सामग्री भेजी है। एख आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारत ने कोलंबो में दो इंडियन नेवी जहाजों से 9.5 टन इमरजेंसी राशन भेजा है; टेंट, तिरपाल, कंबल, हाइजीन किट, रेडी-टू-ईट खाने की चीज़ें, दवाइयां और सर्जिकल इक्विपमेंट समेत 31.5 टन और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए इंडियन एयर फ़ोर्स के तीन एयरक्राफ्ट तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा, नई दिल्ली ने इंडियन नेवी के जहाज़ सुकन्या (त्रिंकोमाली में) पर 12 टन और राहत सामग्री भेजी है, जिससे कुल 53 टन सामग्री पहुंच गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।