भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते से किसानों और छोटे कारोबारियों के लिए खुलेंगे नए अवसर, विदेश मंत्रालय ने गिनाए बड़े फायदे
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि इस समझौते का उद्देश्य व्यापार और निवेश बढ़ाने के साथ युवाओं, किसानों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा करना है।

विदेश मामलोे की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फोटो- पीटीआई)
HighLights
विदेश मंत्रालय ने कहा-दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक ले जाने का रखा लक्ष्य
एफटीए भारतीय किसानों, निर्यातकों और छोटे कारोबारियों के लिए ब्रिटेन के बाजार में नए अवसर खोल रहा है
एएनआई, नई दिल्ली। भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) भारतीय किसानों, निर्यातकों और छोटे कारोबारियों के लिए ब्रिटेन के बाजार में नए अवसर खोल रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि इस समझौते का उद्देश्य व्यापार और निवेश बढ़ाने के साथ युवाओं, किसानों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा करना है। दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डालर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है।
रोहिंग्याओं की सुरक्षित वापसी का समर्थन
म्यांमार के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत रखाइन प्रांत से पलायन करने वाले रोहिंग्या लोगों की सुरक्षित वापसी का समर्थन करता है। यह बयान अंतरराष्ट्रीय न्यायालय द्वारा 2017 में रोहिंग्या मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नरसंहार के मामले में म्यांमार सरकार की जिम्मेदारी से जुड़े फैसले के बाद आया है।
भारत दौरे पर बुल्गारिया की विदेश मंत्री
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा शुक्रवार को तीन दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं। उनकी यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है।
नाविकों की सुरक्षा भारत के लिए महत्वपूर्ण
विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की निंदा करते हुए कहा कि नाविकों की सुरक्षा भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि कतर की हिरासत में मौजूद भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर पूर्णेंदु तिवारी की सेहत को लेकर भारतीय अधिकारी कतर के संपर्क में हैं। तिवारी को अगस्त 2022 में कतर में एक निजी कंपनी के लिए काम करते समय जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
भारत-फ्रांस आतंकवाद विरोधी सहयोग बढ़ाएंगे
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत और फ्रांस ने आतंकवादी वित्तपोषण और कट्टरपंथ से मिलकर मुकाबला करने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। आतंकवाद से मुकाबले पर भारत-फ्रांस संयुक्त कार्य समूह की बैठक में दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद समेत सभी तरह के आतंकवाद की निंदा की। दोनों पक्षों ने आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग और समन्वय मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।