'अरब सागर से जल्द खदेड़ देंगे', ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की अमेरिका को सख्त चेतावनी
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका को होर्मुज से दूर रहने और अरब सागर छोड़ने की चेतावनी दी ...और पढ़ें

ईरान की अमेरिका को दो टूक चेतावनी
HighLights
ईरान के सर्वोच्च नेता ने अमेरिका को अरब सागर छोड़ने की चेतावनी दी।
ईरान ने अमेरिकी पनडुब्बी ड्रोन पकड़ने का दावा किया, तनाव बढ़ा।
कतर अमेरिका-ईरान गतिरोध तोड़ने के लिए मध्यस्थता कर रहा है।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान के बीच तनातनी के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने दुश्मन को होर्मुज से दूर रहने और जल्द से जल्द अरब सागर छोड़ने की चेतावनी दी है।
एपी के अनुसार, उन्होंने कहा कि यदि दुश्मन ने जल्द ऐसा न किया तो उसे अरब सागर से भी खदेड़ दिया जाएगा। मोजतबा खुद सामने नहीं आए और उनका संदेश सरकारी टीवी पर प्रसारित किया गया।
लेबनान के नेता हसन नसरल्लाह की मौत की दूसरी बरसी पर मोजतबा ने ईरानी लड़ाकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने होर्मुज में दुश्मन बलों को रोकने में बड़ी भूमिका निभाई है।
एएनआई के अनुसार, आईआरजीसी ने लगातार दूसरे दिन अमेरिकी पनडुब्बी ड्रोन पकड़ने का दावा किया। आइआरजीसी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहेब्बी ने लिखा कि एक दिन पहले 'रेमस600' को पकड़ा गया था, रविवार को 'एमके 18 मोड 2 किंगफिश' को दबोचा गया है।
हालांकि, पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच कूटनीति की एक और खिड़की खुलती दिख रही है। अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध तोड़ने के लिए कतर ने मध्यस्थता तेज कर दी है। रायटर के अनुसार, कतर के अधिकारी सोमवार और मंगलवार को न्यूयॉर्क में दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत करेंगे।
ईरान की ओर से विदेश मंत्री अब्बास अराघची बातचीत में शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे अराघची अभी तेहरान नहीं लौटे हैं। तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमत दो प्रतिशत बढ़कर 106 डालर प्रति बैरल पहुंच गई है।
बातचीत का केंद्र ईरान का सात दिन का प्रस्ताव रहेगा, जिसे उसने पिछले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान मध्यस्थों के जरिये अमेरिका तक पहुंचाया था। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, कतर के मध्यस्थ दोनों पक्षों के प्रस्तावों और मौजूदा स्थिति पर चर्चा कर रहे हैं।
होर्मुज खोलने के बदले ईरान की शर्तें
ईरान ने कहा है कि यदि उसके बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी खत्म की जाए, तेल बिक्री पर लगे प्रतिबंध हटाए जाएं, विदेशों में जमा उसके अरबों डॉलर जारी किए जाएं और लेबनान व यमन समेत विभिन्न मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की घोषणा हो, तो वह सात दिनों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोल सकता है। इसके बाद परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक बातचीत शुरू करने की बात कही गई है।
विमानन प्रतिबंधों पर भी शिकायत
एएनआइ के अनुसार, ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन ने अमेरिकी प्रतिबंधों को लेकर अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन से शिकायत की है। ईरान का कहना है कि वह निलंबित उड़ान मार्गों को बहाल कराने के लिए कूटनीतिक और कानूनी रास्ते अपना रहा है।
संगठन के प्रमुख अबुजार शिरौदी के अनुसार, अमेरिका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
