Trending

    ईरान-इजरायल युद्ध: उड़ानें फिर से शुरू होने पर कई भारतीय ओमान-मस्कट से सुरक्षित लौटे, बोले- 'घर लौटकर मिली शांति'

    Updated: Wed, 04 Mar 2026 02:00 AM (IST)

    दुबई एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे पुष्टि होने पर ही हवाई अड्डे के लिए निकलें। उड़ानों की बहाली से हजारों फंसे हुए भारतीयों और ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु पहुंचने वाले यात्रियों ने राहत और खुशी व्यक्त की  (फोटो- एएनआई)

    नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। ओमान और मस्कट से भारतीय यात्रियों की सुरक्षित स्वदेश वापसी शुरू हो गई है। मस्कट और दुबई से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु पहुंचने वाले यात्रियों ने भारत लौटने पर राहत और खुशी व्यक्त की है।

    विशेष रूप से बच्चों के साथ यात्रा कर रहे परिवार अधिक चिंतित थे। कुछ दिनों के निलंबन के बाद अब विमान सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। मस्कट और दुबई हवाई अड्डों ने परिचालन आंशिक रूप से फिर से शुरू कर दिया है।

    दुबई एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे पुष्टि होने पर ही हवाई अड्डे के लिए निकलें। उड़ानों की बहाली से हजारों फंसे हुए भारतीयों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

    पश्चिम एशिया में ईरान द्वारा किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया था, जिसके चलते कई उड़ानें रद कर दी गई थीं और हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।

    आइएएनएस के अनुसार, यात्रियों ने बताया कि मिसाइल इंटरसेप्शन (मिसाइलों को हवा में मार गिराने) की तेज आवाजों के कारण वहां भय का माहौल था। हालांकि, उन्होंने स्थिति को संभालने के लिए स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास के प्रयासों की सराहना की।

    आज यूएई के लिए भी विशेष

    उड़ानें संभव प्रेट्र के अनुसार, फंसे यात्रियों को वापस लाने के लिए इंडिगो ने मंगलवार को जेद्दा के लिए चार रिपेट्रिएशन (निकासी) उड़ानें संचालित कीं। एयरलाइन मस्कट के लिए भी एक अतिरिक्त उड़ान की योजना बना रही है। स्थिति सामान्य होने पर चार मार्च को यूएई के लिए भी विशेष उड़ानें संभव हैं। इंडिगो मस्कट, जेद्दा, मदीना और एथेंस के लिए कुल 26 उड़ानें बहाल कर रही है, जबकि अन्य क्षेत्रों की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

    स्पाइसजेट चार विशेष उड़ानें चलाएगा

    नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, इंडिगो जेद्दा से 10 उड़ानें संचालित करेगा, जबकि स्पाइसजेट फुजैराह से दिल्ली, मुंबई और कोच्चि के लिए चार विशेष उड़ानें चलाएगा। सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है और एयरलाइंस सुरक्षित वापसी के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर रही हैं। सोमवार को रद हुई 357 उड़ानों के बाद अब सेवाएं धीरे-धीरे बहाल की जा रही हैं।

    चार प्रमुख एयरपोर्ट पर 250 उड़ानें रद

    एएनआइ के अनुसार, मंगलवार को भारत के चार प्रमुख हवाई अड्डों - दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई - पर 250 से अधिक उड़ानें रद कर दी गईं। मुंबई हवाई अड्डे पर सबसे ज्यादा 107, दिल्ली में 80, बेंगलुरु में 42 और चेन्नई में 30 उड़ानें रद हुईं। 28 फरवरी को संकट शुरू होने के बाद से अब तक भारतीय एयरलाइंस की 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं।