NHAI का नियम: हाईवे पर गाड़ी खराब हो जाए तो क्या करें? तुरंत मिलेगी मदद
नेशनल हाईवे पर गाड़ी खराब होने पर NHAI की टोइंग सेवा वाहन को मुफ्त में केवल पास के सुरक्षित स्थान तक पहुंचाती है, न कि गैराज तक।

हाईवे पर गाड़ी खराब होने पर मुफ्त टोइंग सेवा (सांकेतिक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेशनल हाईवे पर सफर के दौरान अगर आपकी गाड़ी अचानक खराब हो जाए या हादसे का शिकार हो जाए, तो भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टोइंग सेवा आपकी मदद के लिए उपलब्ध रहती है।
हालांकि, वाहन चालकों के बीच इस सुविधा को लेकर एक बड़ी गलतफहमी फैली हुई है। कई लोग यह मान बैठते हैं कि NHAI की क्रेन आएगी और उनकी खराब गाड़ी को मुफ्त में सीधे गैराज, वर्कशॉप या मैकेनिक के पास पहुंचा देगी।
लेकिन हकीकत इससे अलग है। सफर के दौरान किसी भी तरह की उलझन या परेशानी से बचने के लिए NHAI की टोइंग सर्विस से जुड़े नियमों को समझना बेहद जरूरी है।
कहां तक मिलती है मुफ्त सुविधा?
NHAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक अकाउंट के जरिए इस नियम को स्पष्ट किया है। प्राधिकरण के मुताबिक, NHAI की क्रेन खराब या रुके हुए वाहन को मुफ्त में मैकेनिक, सर्विस सेंटर या आपकी मनचाही जगह तक नहीं ले जाती।
यह निशुल्क सेवा केवल इतना करती है कि आपकी गाड़ी को मुख्य सड़क से हटाकर पास के किसी सुरक्षित स्थान तक पहुंचा देती है। इन सुरक्षित स्थानों में नजदीकी टोल प्लाजा या ट्रक ले-बाय शामिल होते हैं। इन जगहों तक वाहन पहुंचाने के लिए NHAI आपके कोई पैसा नहीं लेता है।
सुरक्षा और सुचारु यातायात बनाए रखने की व्यवस्था
NHAI की यह टोइंग व्यवस्था यात्रियों को मैकेनिक तक पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि हाईवे पर सुरक्षा और सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए दी जाती है। जब कोई वाहन हाईवे के बीचोंबीच खराब होकर खड़ा हो जाता है, तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों के उससे टकराने का गंभीर खतरा पैदा हो जाता है।
इससे बड़ा हादसा हो सकता है और लंबे ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन सकती है। इन्हीं संभावित सड़क दुर्घटनाओं को टालने और आवाजाही को निर्बाध रखने के लिए NHAI खराब वाहनों को रास्ते से हटाकर सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करता है।
सुरक्षित जगह के बाद आपकी जिम्मेदारी
एक बार जब NHAI की क्रेन आपकी गाड़ी को नजदीकी टोल प्लाजा या किसी सुरक्षित स्थान पर छोड़ देती है, तो प्राधिकरण की मुफ्त सेवा वहीं समाप्त हो जाती है। इसके बाद गाड़ी को मैकेनिक, वर्कशॉप या घर तक ले जाने की जिम्मेदारी वाहन मालिक या चालक की होती है। आगे की टोइंग का इंतजाम आपको खुद करना होगा और उसका खर्च भी अपनी जेब से उठाना पड़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।