विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन को चिप, हनीट्रैप का साया और 470 अरब डॉलर का झटका; एनवीडिया और सीईओ हुआंग की बढ़ीं मुश्किलें

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:37 PM (IST)

एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग चीन को चिप निर्यात और एक संदिग्ध चीनी जासूस एलिस हुआंग से कथित संबंधों के चलते मुश्किल में हैं।

एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग की बढ़ी मुश्किलें

एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग की बढ़ी मुश्किलें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया अपने सीईओ जेनसन हुआंग के चलते बड़ी मुश्किल में फंसती जा रही है। चीन को चिप भेजने और सीईओ के संदिग्ध कारोबारी महिला एलिस हुआंग उर्फ हुआंग ली के साथ निजी संबंधों के चलते एनवीडिया को जांच का सामना करना पड़ रहा है।

महिला पर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप है। एलिस के साथ उनके कथित संबंधों ने चीन की कंपनियों तक 7.5 अरब डॉलर मूल्य के एनवीडिया चिप पहुंचाने में मदद की। यही नहीं इस विवाद का बहुत बुरा असर कंपनी के शेयरों पर भी पड़ा है।

पिछले दो दिनों में बाजार मूल्य 470 अरब डॉलर से ज्यादा घट गया है। इस विवाद के चलते कंपनी पर संकट गहरा सकता है।

रायटर्स के अनुसार, यह विवाद कई मोर्चों पर बढ़ गया है। अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने ट्रंप प्रशासन से इस मामले में जवाब मांगा और चीन को चिप निर्यात पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि संसद को हुआंग के बचाव में ट्रंप की भूमिका का पूरा ब्योरा चाहिए। जबकि रिपब्लिकन सीनेटर केविन कार्मर ने एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग के इस्तीफे की मांग की है।

वहीं अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया के स्वतंत्र निदेशकों ने जांच के लिए बाहरी कानूनी सलाहकार नियुक्त किया है। हुआंग के निजी संबंधों को एनवीडिया के लिए एक बड़े जोखिम के तौर पर देखा जा रहा है। इससे कंपनी के प्रशासन और सीईओ पर निर्भरता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिसने तीन दशक से अधिक समय तक कंपनी का नेतृत्व किया और उसे एआई चिप की प्रमुख आपूर्तिकर्ता बनाया।

एफबीआई इस मामले की हनीट्रैप के पहलू से जांच कर रही है। वह इस बात की जांच कर रही है कि क्या 63 वर्षीय हुआंग को किसी विदेशी खुफिया अभियान के तहत निशाना बनाया गया था। इधर, चीन के विदेश मंत्रालय ने जासूसी के आरोपों को निराधार बताया है।

हुआंग ने वरिष्ठ अधिकारियों से मांगी माफी

सीएनबीसी की खबर के मुताबिक, हुआंग ने सोमवार को बंद कमरे में हुई बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों से माफी मांगी। उन्होंने मंगलवार को भी एनवीडिया के मुख्यालय में कई बैठकें कीं। उन्होंने कर्मचारियों से कहा है कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की, लेकिन संबंधों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

ट्रंप को महीनों पहले दी गई थी जानकारी

न्यूयॉर्क टाइम्स ने मंगलवार को खबर दी कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मई में चीन जाते समय एयर फोर्स वन विमान में ट्रंप को अमेरिकी खुफिया जानकारी के बारे में बताया था। खुफिया जानकारी में यह संकेत दिया गया था कि हुआंग का संबंध एक ऐसी महिला से था, जिसे चीनी जासूस माना जाता है।

ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने हुआंग से पूछा था कि क्या उन्हें पता था कि वह महिला जासूस है। ट्रंप के मुताबिक, हुआंग ने कहा कि उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था और वह एनवीडिया के सीईओ पर भरोसा करते हैं।

यह बताया जाता है कि ट्रंप के जेनसन हुआंग के साथ करीबी संबंध हैं। 2025 की शुरुआत में दोनों ने एक साथ रात्रिभोज किया था। इसके बाद ट्रंप ने हुआंग की जमकर तारीफ की थी।

एलिस... चीनी बैंकर से टेक एग्जीक्यूटिव बनी

एपी के अनुसार, एनवीडिया के सीईओ के साथ कथित संबंधों को लेकर चर्चा में आई एलिस हुआंग ने चीनी बैंकर से टेक एग्जीक्यूटिव के पद तक पहुंची। एलिस ने सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्पीड में एग्जीक्यूटिव की भूमिका में आने से पहले चीन के वित्तीय क्षेत्र में अपना करियर बना रही थी।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने पिछले महीने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच करीबी संबंध थे। दोनों की एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें ताइपे में जेनसन हुआंग के आसपास कई लोग बैठे हुए दिखे और एलिस उनके पीछे बैठी दिखी, जो बातचीत के दौरान जेनसन को देखती प्रतीत हुई।

यह तस्वीर 2024 में सॉफ्टवेयर कंपनी नेटथंडर ने लिंक्डइन पेज पर पोस्ट की थी। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि उनके बीच कितने समय तक संबंध रहा।

अमेरिका और चीन के बीच एआई की दौड़ को अक्सर प्रतिस्पर्धा के तौर पर देखा जाता है। इसलिए अमेरिकी न्याय विभाग बीजिंग की जासूसी के खतरे के बारे में लगातार चेतावनी देता रहता है।

चीनी सेना से जुड़ी यूनिवर्सिटी तक पहुंची चिप

चीन की सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) से जुड़ी एक चीनी यूनिवर्सिटी तक एनवीडिया चिप पहुंची है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी यूनिवर्सिटी ने पिछले महीने एनवीडिया की शक्तिशाली एच200 एआइ चिप खरीदी थी।

हालांकि अमेरिकी प्रतिबंध के बावजूद यह बिक्री हुई थी। इससे जाहिर होता है कि उन्नत तकनीक तक चीन की पहुंच को रोकने के अमेरिकी प्रयासों में खामियां हैं।

नार्थवेस्टर्न पालिटेक्निकल यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर 21 अक्टूबर के प्रोक्योरमेंट रिकार्ड के अनुसार, पिछले महीने 1.23 लाख डॉलर में दो एच200 चिप खरीदी गईं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।