छत्तीसगढ़ में 25 बच्चों का सौदा करने के आरोपित डॉक्टर समेत छह गिरफ्तार, गुजरात से कर्नाटक तक फैला है नेटवर्क
नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने रायपुर स्थित दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल के डॉक्टर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

छत्तीसगढ़ में 25 बच्चों का सौदा करने के आरोपित डॉक्टर समेत छह गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
फर्जी डिस्चार्ज टिकट बनाकर नवजात सौंपने में सहायता करता था डॉक्टर
गुजरात से कर्नाटक तक फैला है नेटवर्क, नागपुर-बैंगलोर तक बच्चों को बेचा
जेएनएन, रायपुर। नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने रायपुर स्थित दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल के डॉक्टर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनमें डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, नर्स प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा शामिल हैं। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या छह हो गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाते थे। प्रसव के बाद नवजात के लिंग और जाति के आधार पर सौदा तय किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने इसी साल करीब 25 बच्चों का सौदा किया है। पूरे मामले की जांच के लिए एसआइटी का भी गठन किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार डॉ. खिर सिंधु महानंद दिवाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। वह ये दस्तावेज महिला आरोपित कृतिका साहू को देता था।
पूछताछ में आरोपित ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है।
पुलिस इन रिकॉर्ड की जांच कर रही है। आरोपितों ने अपने मोबाइल से कुछ डेटा भी डिलीट किया है। इसे एफएसएल भेजकर जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने नवजात की खरीद-बिक्री के लिए गुजरात से कर्नाटक तक नेटवर्क बना रखा था।
आरोपितों ने अहमदाबाद, नागपुर और बैंगलोर तक बच्चों को बेचा है। इसके लिए वाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।