स्वदेशी ड्रोन किलर 'भार्गवास्त्र' का पोखरण में सफल परीक्षण, एक साथ कई दुश्मन ड्रोनों को हवा में कर देगा नष्ट
सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड ने स्वदेशी रूप से विकसित व्हीकल-माउंटेड काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' का 20 से 24 नवंबर के बीच पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में सफल परीक्षण पूरा कर लिया है।

स्वदेशी ड्रोन किलर 'भार्गवास्त्र' का पोखरण में सफल परीक्षण (फोटो- एएनआई)
HighLights
यह भारत का पहला स्वदेशी दो-स्तरीय (टू-लेयर) एंटी-ड्रोन सिस्टम है
भार्गवास्त्र पूर्णतः स्वदेशी है, पूरे सिस्टम का डिजाइन और निर्माण भारत में ही हुआ है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड ने स्वदेशी रूप से विकसित व्हीकल-माउंटेड काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' का 20 से 24 नवंबर के बीच पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में सफल परीक्षण पूरा कर लिया है।
यह भारत का पहला स्वदेशी दो-स्तरीय (टू-लेयर) एंटी-ड्रोन सिस्टम है, जो एक साथ कई दुश्मन ड्रोनों के झुंड (स्वार्म) को नष्ट करने में सक्षम है। इसमें हवाई रक्षा रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों का उपयोग किया गया है।
भारतीय सेना की शुरुआती आवश्यकताओं (वर्जन-1) में केवल रॉकेट शामिल थे, लेकिन एसडीएएल ने इससे आगे बढ़ते हुए वर्जन-2 भी तैयार किया है, जिसमें इन्फ्रारेड सीकर और ऑटोनॉमस गाइडेंस वाली माइक्रो-मिसाइलें लगी हैं।
इसके वर्जन-1 में 64-ट्यूब रॉकेट लॉन्चर और वर्जन-2 में 64 माइक्रो-मिसाइल लॉन्चर लगाए गए हैं। यह सिस्टम आरएफ डिटेक्टर, सर्विलांस रडार और दिन-रात निगरानी करने वाले इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम से लैस है, जिन्हें एक एआई-आधारित इंटीग्रेटेड सी4आई नेटवर्क नियंत्रित करता है।
भार्गवास्त्र पूर्णतः स्वदेशी है। इसके सॉफ्टवेयर, रॉकेट और माइक्रो-मिसाइल सहित पूरे सिस्टम का डिजाइन और निर्माण भारत में ही किया गया है, और इसके सभी बौद्धिक संपदा अधिकार एसडीएएल के पास हैं।
परीक्षण के दौरान सिस्टम के सेंसर और रडार ने असली ड्रोन झुंड को ट्रैक किया और दागे गए रॉकेटों व माइक्रो-मिसाइलों ने सटीक निशाना लगाया। यह सिस्टम सेना के तीन वाहनों पर तैनात किया जाता है और अब यह प्रोटोटाइप प्रदर्शन के अगले चरण के लिए पूरी तरह तैयार है।