विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं', हाई कोर्ट का फैसला पलटते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मां को सौंपी बेटों की कस्टडी

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:00 PM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अभिभावक की नियुक्ति में नाबालिग की भलाई सर्वोपरि है, बच्चे माता-पिता की संपत्ति नहीं हैं। कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट का फैसला पलटते हुए दो नाबालिग बेटों की कस्टडी मां को सौंपी, पिता को मिलने की अनुमति दी।

सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों की कस्टडी मां को सौंपी (फाइल फोटो)

सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों की कस्टडी मां को सौंपी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. नाबालिग की भलाई अभिभावक नियुक्ति में सर्वोपरि: सुप्रीम कोर्ट।

  2. बच्चों को मां से अलग न करने का निर्देश दिया।

  3. पिता को बच्चों से मिलने की अनुमति दी गई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि किसी अभिभावक की नियुक्ति करते समय नाबालिग की भलाई अदालत के लिए सर्वोपरि होती है। ऐसा करते समय अदालत को नाबालिग की उम्र, लिंग और धर्म के साथ-साथ प्रस्तावित अभिभावक के चरित्र और क्षमता का भी ध्यान रखना होता है।

इसके साथ ही अदालत ने कहा कि बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं होते।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने तलाकशुदा दंपती के दो नाबालिग बेटों की अभिरक्षा से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि बच्चों को उनकी मां से अलग नहीं किया जाना चाहिए, जिनके साथ वर्षों में उनका स्वाभाविक और मजबूत जुड़ाव हो गया है।

पिता भी अपने बच्चों का साथ पाने का हकदार है और पिता को हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बच्चों से मिलने की अनुमति होगी।

पीठ ने कहा कि जब माता-पिता के परस्पर विरोधी दावे आते हैं, तो मामले को केवल कानूनी नजरिये से नहीं देखना चाहिए। ऐसे मामलों में मानवीय पहलू भी प्रासंगिक होते हैं।

अदालत 16 और 14 वर्ष के दो लड़कों की मां की अपील पर सुनवाई कर रही थी। नाबालिगों के माता-पिता का विवाह अगस्त, 2009 में हुआ था और दोनों लड़कों का जन्म क्रमशः जुलाई, 2010 और मई 2012 में मदुरै में हुआ था। पति-पत्नी 2014 से अलग रह रहे हैं और 2018 में उनका विवाह-विच्छेद हो गया था।

महिला ने मद्रास हाई कोर्ट के अक्टूबर, 2024 के आदेश को चुनौती दी थी, जिसने लड़कों की अभिरक्षा पिता को देने के पारिवारिक अदालत के आदेश को बरकरार रखा था।

शीर्ष अदालत ने कहा, सवाल यह है कि क्या उन बच्चों की अभिरक्षा पिता को सौंप दी जानी चाहिए, जो मई, 2014 से लगातार अपनी मां के साथ रह रहे हैं और पिता उनके प्राकृतिक अभिभावक हैं। साथ ही कहा कि दोनों लड़कों ने अपनी मां के साथ रहने की इच्छा जताई है। पीठ ने कहा कि तलाक के बाद भी मां ने अकेले बच्चों की परवरिश की है और ऐसा नहीं लगता कि उन्हें पर्याप्त प्यार और देखभाल नहीं मिली। मां अच्छे स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कर उनकी पढ़ाई का ध्यान रख रही हैं।

अदालत का यह भी मानना है कि बच्चों को पिता के प्यार और स्नेह से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। यह उनके उचित और संतुलित विकास के लिए भी आवश्यक है। लेकिन मां के मांगने पर पिता को बच्चों के भविष्य के शैक्षणिक खर्च में हिस्सा देने के लिए तैयार रहना चाहिए।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।