विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वोटर लिस्ट से नाम हटाने के खिलाफ दायर अपीलों को दें प्राथमिकता', सुप्रीम कोर्ट का पश्चिम बंगाल SIR ट्रिब्यूनल को निर्देश

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:10 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 23 Nov 2026 04:48 PM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के एसआईआर ट्रिब्यूनलों को निर्देश दिया है कि वे मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को चुनौती देने वाली अपीलों को प्राथमिकता दें, जबकि नाम जोड़े जाने से जुड़ी अपीलों को फिलहाल टाल दें।

सुप्रीम कोर्ट का पश्चिम बंगाल ट्रिब्यूनलों को निर्देश (सांकेतिक तस्वीर)

सुप्रीम कोर्ट का पश्चिम बंगाल ट्रिब्यूनलों को निर्देश (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने नाम हटाने वाली मतदाता अपीलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

  2. नाम जोड़ने को चुनौती देने वाली अपीलों को फिलहाल टालने का आदेश।

  3. कोलकाता नगर निगम के मतदाताओं के मामलों को प्राथमिकता देने को कहा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में एसआईआर से जुड़ी अपीलों की सुनवाई कर रहे ट्रिब्यूनलों को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को चुनौती देने वाली मतदाताओं की याचिकाओं को प्राथमिकता दें, जबकि नाम जोड़े जाने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई फिलहाल टाल दें।

सीजेआई सूर्य कांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने ट्रिब्यूनलों से कहा कि वे नाम हटाए जाने को चुनौती देने वाली अपीलों को, नाम जोड़े जाने को चुनौती देने वाली अपीलों से अलग करें और नाम हटाए जाने से जुड़ी अपीलों को प्राथमिकता दें।

प्रथम श्रेणी अपीलों को प्राथमिकता

लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, पीठ ने अपने आदेश में कहा, दूसरी श्रेणी की अपीलों (नाम जोड़े जाने से जुड़ी) में कोई जल्दबाजी नहीं है, इसलिए इन अपीलों को फिलहाल के लिए टाला जा सकता है। पहली श्रेणी की अपीलों (नाम हटाए जाने से जुड़ी) को अंतिम निपटारे के मामले में प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पीठ ने ट्रिब्यूनलों को यह भी निर्देश दिया कि नाम हटाए जाने से जुड़ी अपीलों में, कोलकाता नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं के मामलों को प्राथमिकता दी जाए, क्योंकि वहां जल्द ही निकाय चुनाव होने वाले हैं।

ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाई जाए

सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को यह भी निर्देश दिया कि वह कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श से पश्चिम बंगाल एसआईआर से जुड़ी अपीलों की सुनवाई करने वाले अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाए।

शीर्ष अदालत उन याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी, जिनमें राज्य में SIR से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए गठित ट्रिब्यूनलों के समक्ष अपीलों के निपटारे की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और तेज करने की मांग की गई थी।

25 अगस्त को, पीठ ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया था कि वह लंबित और निपटाए जा चुके मामलों का विवरण प्रस्तुत करे, जिसमें मतदाता सूची से नाम हटाए जाने या उसमें नाम जोड़े जाने को लेकर मतदाताओं द्वारा दायर की गई याचिकाओं की अलग-अलग संख्या भी शामिल हो।

अदालत ने चुनाव आयोग से यह भी बताने को कहा था कि अपीलों का एक निश्चित समय-सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने के लिए कितने अतिरिक्त ट्रिब्यूनलों की आवश्यकता होगी।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।