विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाल किला विस्फोट मामला: आरोपी की डिफॉल्ट जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज, 15 लोगों की गई थी जान

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:15 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने लाल किला विस्फोट मामले के आरोपी जासिर बिलाल वानी की डिफॉल्ट जमानत याचिका खारिज कर दी। वानी ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी।

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला।

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला।

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने वानी की डिफाल्ट जमानत याचिका खारिज की।

  2. दिल्ली हाई कोर्ट के 18 अगस्त के फैसले को चुनौती दी गई थी।

  3. लाल किला विस्फोट में 15 लोगों की जान गई थी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को लाल किला विस्फोट के आरोपित जासिर बिलाल वानी उर्फ दानिश की डिफॉल्ट याचिका पर सुनवाई से इन्कार कर दिया। वानी ने डिफाल्ट जमानत देने से इन्कार करने के दिल्ली हाई कोर्ट के 18 अगस्त के फैसले को चुनौती दी थी।

न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति चंद्रशेखर की पीठ ने विशेष अनुमति याचिका खारिज कर दी। 10 नवंबर, 2025 को शाम 6: 52 बजे लाल किले के पास हुंडई आइ20 कार में हुए विस्फोट में 15 लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए थे।

वानी की ओर से पेश अधिवक्ता वारिशा फरासत ने दलील दी कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 43डी में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) के प्रविधान संशोधनों के साथ अपनाए गए हैं, न कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के। उनके अनुसार, इस व्याख्या के तहत आरोपित 180 दिन के बजाय 90 दिन बाद डिफाल्ट जमानत का हकदार है। उन्होंने हाई कोर्ट की व्याख्या में असंगति का भी तर्क दिया।

हाई कोर्ट ने 18 अगस्त को वानी की अपील खारिज करते हुए कहा था कि एनआइए 14 मई, 2026 को आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और अब 90 दिन बाद जमानत का दावा नहीं किया जा सकता।

अदालत ने यूएपीए के तहत हिरासत की अनुमत अवधि 180 दिन बताई थी। उसने यह भी कहा था कि वानी ने जांच अवधि बढ़ाने के आदेश को दूसरी बार अवधि बढ़ाए जाने और जमानत याचिका खारिज होने के बाद चुनौती दी। ट्रायल कोर्ट ने 30 मार्च को उसकी याचिका खारिज की थी।

नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) ने वानी को 17 नवंबर, 2025 को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का दावा है कि लाल किला विस्फोट की साजिश रचने में उसने आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर काम किया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।