विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'लंबित चुनावों को बिना किसी ठोस वजह के नहीं टाला जाना चाहिए', सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:20 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने कलकत्ता हाईकोर्ट के कोलकाता नगर निगम चुनावों को वार्ड परिसीमन के कारण टालने के आदेश पर कड़ा रुख अपनाया है। 

सुप्रीम कोर्ट ने केएमसी चुनाव टालने के आदेश पर कड़ा रुख अपनाया (सुप्रीम कोर्ट, फाइल फोटो)

सुप्रीम कोर्ट ने केएमसी चुनाव टालने के आदेश पर कड़ा रुख अपनाया (सुप्रीम कोर्ट, फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के चुनावों को वार्ड परिसीमन का मामला सुलझने तक टालने के कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है।

कोर्ट ने बुधवार को स्पष्ट संकेत दिया कि वह हाईकोर्ट के इस आदेश पर रोक लगाने के पक्ष में है। सुनवाई के दौरान पीठ ने एक बेहद महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि लंबित चुनावों को "अनुचित तरीके से" स्थगित नहीं किया जाना चाहिए।

SC ने केएमसी चुनाव टालने के आदेश पर कड़ा रुख अपनाया

प्रधान न्यायाधीश (सीजेआइ) सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने इस मामले में सालिसिटर जनरल तुषार मेहता को 30 नवंबर तक आवश्यक निर्देश प्राप्त कर कोर्ट को अवगत कराने को कहा है।

गौरतलब है कि आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले केएमसी में वार्डों की सीमाओं का पुनर्गठन किया जा रहा है, जिसके तहत मौजूदा 144 वार्डों की संख्या बढ़ाकर 209 करने की योजना है।

पीठ ने कहा कि चूंकि इस मामले में कई तथ्यात्मक और कानूनी मुद्दे उठाए गए हैं, इसलिए हम विवादित आदेश पर रोक लगाने के इच्छुक हैं ताकि हाईकोर्ट की खंडपीठ एक नया और उचित आदेश पारित कर सके।

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी संकेत दिया कि एकल जज के समक्ष लंबित रिट याचिका को खंडपीठ में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया जाएगा और जब तक खंडपीठ किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचती, तब तक चुनाव रोके जा सकते हैं।

इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट की खंडपीठ ने राज्य चुनाव आयोग को निर्देश दिया था कि एकल पीठ द्वारा परिसीमन याचिका के निपटारे तक चुनाव अधिसूचना जारी न की जाए।

वार्ड परिसीमन मामले में HC के आदेश पर रोक लगाने का संकेत

यह पूरा विवाद पूर्व माकपा पार्षद दीपू दास की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने 11 सितंबर की उस गजट अधिसूचना को रद करने की मांग की है, जिसमें वार्डों के विस्तार का प्रविधान है।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि परिसीमन की प्रक्रिया वास्तविक जनसंख्या के बजाय मतदाता सूची के आधार पर की गई है, जिससे बड़ी संख्या में निवासी इससे बाहर रह गए हैं।

दास ने यह भी दावा किया कि आठ जून को सदन भंग होने के बाद निगम में कोई निर्वाचित परिषद नहीं थी और पूर्व अध्यक्ष स्मिता पांडे को प्रशासक नियुक्त किया गया था।

29 अक्टूबर को एकल पीठ ने इस पर अंतरिम रोक लगाने से इन्कार कर दिया था, जिसके बाद दास खंडपीठ पहुंचे थे। खंडपीठ ने तब तीखी टिप्पणी करते हुए कहा था कि राज्य सरकार अपने चुने हुए प्रशासक के माध्यम से मनमाफिक सिफारिश करवा सकती है, जो केएमसी अधिनियम की धारा 601 की स्वायत्तता के खिलाफ है।

खंडपीठ ने इसे 'कठपुतली जैसा व्यवहार' बताते हुए कहा था कि मध्यकाल में निगम भंग करने और उसके बाद के घटनाक्रमों की जल्दबाजी से याचिकाकर्ता के इन तर्कों को बल मिलता है कि इस पूरी कवायद के पीछे कोई सोची-समझी रणनीति हो सकती है। हालांकि, खंडपीठ ने यह भी स्पष्ट किया था कि ये टिप्पणियां अंतिम निपटारे के संदर्भ में अस्थायी प्रकृति की हैं।

यह भी पढ़ें- बंगाल: कोलकाता नगर निगम में सावरकर की तस्वीर लगाने पर छिड़ा सियासी संग्राम, तृणमूल और कांग्रेस ने जताया विरोध

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।