विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या मकान मालिक बिना बताए घर में आ सकता है? क्या कहता है कानून, बिना इजाजत एंट्री पर क्या करना चाहिए

By Shubham KumarEdited By: Shubham Kumar
Published: Sun, 22 Nov 2026 02:46 PM (IST)Updated: Sun, 22 Nov 2026 03:59 PM (IST)

बेंगलुरु की घटना ने किराए के घरों में निजता की बहस छेड़ी है। समझना होगा कि मालिकाना हक का अर्थ बेरोकटोक दखल नहीं है। कानूनन शांतिपूर्ण कब्जा किराएदार का भी अधिकार है।

बिना बताए किराए के घर में घुसे मकान मालिक तो क्या करें? (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

बिना बताए किराए के घर में घुसे मकान मालिक तो क्या करें? (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. किराएदार को शांतिपूर्ण कब्जे का अधिकार है, बिना दखलंदाजी।

  2. मकान मालिक को निरीक्षण के लिए पूर्व सूचना देना अनिवार्य।

  3. बिना इजाजत एंट्री पर कानूनी कार्रवाई, सबूत जुटाना जरूरी।

शुभम कुमार, नई दिल्ली। किराए के घर में रहने वाले हर व्यक्ति के मन में कभी न कभी यह सवाल जरूर आता है कि क्या मकान मालिक सिर्फ घर का मालिक होने के नाते जब चाहे, बिना बताए घर में घुस सकता है?

अच्छा यह सवाल आज के समय में इसलिए भी ज्यादा पूछे जा रहे हैं, क्योंकि हाल ही में बेंगलुरु के एक किराएदार के साथ कुछ ऐसी ही घटना सामने आई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह बहस तेज हो गई।

खैर, सवाल वही है कि क्या केवल मकान मालिक होने के नाते जब चाहे, तब वो घर में घुस सकता है? सवाल यह भी है कि क्या किराएदार के पास उसे रोकने के लिए कोई अधिकार नहीं है? आइए भारतीय कानून के अनुसार से जानते हैं किराएदार के आधिकार के बारे में...

पहले समझिए बेंगलुरु के इस मामले के बारे में 

बता दें कि सोशल मीडिया पर इन दिनों किराएदार के अधिकार को लेकर बहस तेज होने का सबसे बड़ा कारण बेंगलुरु की एक घटना है। इस बात को ऐसे समझिए कि बेंगलुरु के बेलंदूर इलाके में अपने भाई के साथ शिफ्ट हुए एक युवक ने इस मामले में रेडिट पर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने एक सोसाइटी में 2BHK फ्लैट किराए पर लिया। शिफ्ट होने के कुछ ही दिन बाद मकान मालिक ने उनसे फ्लैट की एक एक्स्ट्रा चाबी मांगी।

तो इस बात से भड़क गए महान मालिक...

समझने वाली बात यह है कि किराएदार को इमरजेंसी के लिए चाबी देने में कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन जब उन्होंने पूछा कि क्या मकान मालिक घर आने से पहले उन्हें सूचित करेंगे, तो मकान मालिक भड़क गए। मकान मालिक का तर्क था कि घर मेरा है, मुझे अपनी ही प्रॉपर्टी देखने के लिए बार-बार इजाजत लेने की क्या जरूरत है? हालांकि, किराए के एग्रीमेंट में ऐसी कोई शर्त नहीं लिखी थी।

समझिए चाबी रखना और इस्तेमाल करना, दोनों अलग बातें हैं

देखिए मकान मालिक का तर्क और किराएदार के अधिकार की बात को समझने से पहले एक बात जाननी चाहिए कि किराए के मकान की चाबी रखना और इस्तेमाल करना दोनों अलग अलग बातें हैं। 

अब जब मामला में चर्चा तेज हुई, तब कानूनी विशेषज्ञों का साफ कहना है कि मकान मालिक के पास दूसरी चाबी होना अलग बात है, लेकिन उसका इस्तेमाल करके बिना बताए घर में दाखिल होना बिल्कुल अलग। एक बार जब किराएदार को घर का कब्जा मिल जाता है और वह समय पर किराया दे रहा है, तो मकान मालिक सिर्फ मालिकाना हक के नाम पर जब चाहे घर में नहीं आ सकता।

अब कानून के बारे में भी जानिए

शांतिपूर्ण कब्जे का अधिकार- 'संपत्ति हस्तांतरण अधिनियम, 1882' की धारा 108(c) किराएदार को यह अधिकार देती है कि वह बिना किसी बाहरी दखल के घर का इस्तेमाल कर सके। यहां शांत का मतलब शोर-शराबे से नहीं, बल्कि मकान मालिक की बेवजह आवाजाही से मुक्ति है।

मकान मालिक कब आ सकता है?- इसी कानून की धारा 108(m) मकान मालिक को भी यह हक देती है कि वह उचित समय पर घर का निरीक्षण कर सके। लेकिन इसके लिए किराएदार को पहले से जानकारी देना जरूरी है।

इमरजेंसी की स्थिति- अगर घर में आग लग जाए, पानी की पाइप फट जाए या कोई बड़ा हादसा हो जाए, तो मकान मालिक तुरंत अंदर जा सकता है, लेकिन तब भी उसे किराएदार को फौरन इसकी सूचना देनी होगी।

नोटिस पीरियड का नियम- कई राज्यों के किराया कानूनों में पहले से नोटिस देने का नियम है। जैसे कर्नाटक रेंट एक्ट के तहत निरीक्षण के लिए पहले से मौखिक सहमति या 20 घंटे का लिखित नोटिस जरूरी होता है।

अगर मकान मालिक बिना बताए घर में घुसे तो क्या करें?

कानूनी जानकारों के मुताबिक, अगर मकान मालिक बार-बार बिना इजाजत घर में आता है, तो किराएदार ये कदम उठा सकते हैं-

सबूत जुटाएं- तारीख नोट करें, मैसेज या सीसीटीवी फुटेज संभाल कर रखें।

लिखित चेतावनी दें- मकान मालिक को मैसेज या ईमेल के जरिए साफ शब्दों में लिखें कि वे बिना पूर्व सूचना के घर में न आएं।

कोर्ट से स्टे लें- अगर वह फिर भी न मानें, तो किराएदार सिविल कोर्ट जाकर मकान मालिक के बिना इजाजत घुसने पर रोक (अस्थायी या स्थायी निषेधाज्ञा) लगाने की मांग कर सकते हैं।

पुलिस शिकायत- हालांकि सिर्फ नोटिस न देना क्रिमिनल केस नहीं बनता, लेकिन अगर मामला 'आपराधिक अतिक्रमण' (BNS की धारा 329) की श्रेणी में आता है, तो पुलिस में भी शिकायत की जा सकती है।

बचाव का सबसे आसान तरीका- घर किराए पर लेते समय ही रेंट एग्रीमेंट में यह शर्त साफ-साफ लिखवा लें कि मकान मालिक किस स्थिति में और कितने घंटे पहले सूचना देकर ही घर का निरीक्षण कर सकेंगे। साथ ही, आपकी गैरमौजूदगी में घर में किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी किसकी होगी, यह भी तय कर लें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।