बुजुर्गों और युवाओं के बीच दूरी पाटने की केंद्र की नई पहल, 4 नवंबर से शुरू होगा 'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान'
केंद्र सरकार वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के बीच निरंतर जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए 'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान' शुरू करेगी।

केंद्र वरिष्ठ नागरिकों को युवा पीढ़ी से जोड़ने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगा
HighLights
केंद्र सरकार का 'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान' शुरू होगा।
वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के बीच जुड़ाव बढ़ाना मुख्य लक्ष्य।
आपसी सम्मान, समावेश और बुजुर्गों के कल्याण पर विशेष जोर।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार बुधवार को एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगी, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और युवा पीढ़ी के बीच निरंतर जुड़ाव को बढ़ावा देना है। अभियान में आपसी सम्मान, सामाजिक समावेश और बुजुर्गों के कल्याण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मंत्रालय ने बताया कि केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार राष्ट्रीय राजधानी में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत करेंगे।
अभियान का मकसद पीढ़ियों के बीच सार्थक और निरंतर जुड़ाव को संस्थागत रूप देना है, ताकि आपसी सम्मान, समझ, साथ और साझा जिम्मेदारी को बढ़ावा मिल सके।
इसका उद्देश्य समाज में वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को मान्यता देना और बुजुर्गों के लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने में युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
यह पहल कनेक्ट, कन्वर्से, को-क्रिएट, कान्ट्रिब्यूट और कंटिन्यू (जुड़ना, बातचीत करना, मिलकर रचना करना, योगदान देना और इसे जारी रखना) के पांच-सूत्रीय माडल पर आधारित है। यह मॉडल पीढ़ियों के बीच सार्थक रिश्ते बनाने और सामुदायिक भागीदारी के जरिए उन्हें बनाए रखने के लिए एक रूपरेखा प्रदान करता है।
यह अभियान 12 विषयगत क्षेत्रों में लागू किया जाएगा, जिनमें 30 मिनट्स टुगेदर, टीच मी-आई विल टीच यू, माई स्टोरी, माई इंडिया, डिजिटल दादा-दादी/डिजिटल साथी, जनरेशन हेल्थ एंड वेलनेस और सिल्वर स्किल्स-सीनियर्स एज मेंटर्स शामिल हैं। यह अभियान भारत की बदलती जनसांख्यिकीय स्थिति को देखते हुए शुरू किया गया है।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार