दुनिया के दस सबसे प्रदूषित शहरों में सिर्फ भारतीय शहरों के नाम, टॉप 10 में नहीं है दिल्ली-मुंबई
उत्तर भारत के कई शहरों में वायु गुणवत्ता गंभीर स्तर पर है, दिल्ली 13वें स्थान पर है। राजस्थान का श्री गंगानगर सबसे प्रदूषित है, जिसका AQI 830 है। पराली जलाने, धूल और औद्योगिक उत्सर्जन के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है। हरियाणा और पंजाब के कई शहरों में भी AQI का स्तर बहुत ख़राब है, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई छोटे-बड़े शहरों में हवा का स्तर 'गंभीर' और 'खतरनाक' श्रेणी में पहुंच गया। दिल्ली इस बार 13वें स्थान पर खिसक गई।
राजस्थान के श्री गंगानगर, हरियाणा के सिवानी और पंजाब के अबोहर जैसे छोटे शहर इस बार दिल्ली से भी आगे निकल गए। यह साफ दिखाता है कि अब प्रदूषण सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उत्तरी मैदानों तक भी फैल चुका है।
शीर्ष प्रदूषित शहरों में कौन-कौन?
श्री गंगानगर में 830 का खतरनाक AQI दर्ज किया गया। इसकी वजह रही खेतों में पराली जलाने से धुआं, रेगिस्तानी धूल और हवा का न चलना। इससे सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है।
वहीं हरियाणा के सिवानी का AQI 644 तक पहुंच गया। वहां भी पराली जलने, गाड़ियों का धुएं और पास की फैक्टरियों से प्रदूषण बढ़ गया। बता दें सर्दी की शुरुआत में हवा रुक जाती है, जिससे धूल-धुआं नीचे ही रहता है।
हरियाणा और पंजाब में भी फूल रहा दम
पंजाब के अबोहर में AQI 634 रहा। पराली का धुआं, कच्ची सड़कों की धूल और फैक्ट्री का प्रदूषण लोगों की सांसें छीन रहा है। विजिविलिटी कम हो गई है और सांस की बीमारियां बढ़ रही हैं। हरियाणा के चरखी दादरी में AQI 448 दर्ज हुआ है। इस इलाके में भी लोगों का सांस लेना मुहाल हो गया है।
वहीं हरियाणा के हिसार में AQI 477 तक पहुंचा। गाड़ियों का धुआं, निर्माण कार्य की धूल और पास के खेतों में पराली जलाना – ये सब मिलकर हवा को दूषित कर रहे हैं। बारिश न होने और हवा न चलने से प्रदूषण फंस गया है।
वहीं सासरोली का AQI 433 रहा। खेतों और फैक्टरियों के बीच बसा यह कस्बा पराली के धुएं और स्थानीय प्रदूषण से जूझ रहा है। ठंडी हवा ने धुआं नीचे ही रोक रखा है। दूसरी तरफ रोहतक में AQI 444 दर्ज हुआ है।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी दमघोंटू हवा
चूरू का AQI 456 रहा है। रेगिस्तान की धूल, गाड़ियों का धुआं और पराली जलाने का धुआं रेतीले इलाके के हालात को बद से बदतर कर दिया है। उत्तर प्रदेश के नांगली बहरामपुर में AQI 438 रहा। वहीं भिवानी का AQI 437 रहा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।