विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

8 ट्रेनें रद, स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी; ओडिशा में चक्रवात 'अर्णव' का खौफ

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:44 AM (IST)

चक्रवात अर्णव के प्रभाव से ओडिशा में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य के चार जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. चक्रवात अर्णव के कारण ओडिशा में स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद।

  2. आठ ट्रेनें रद्द, हीराखंड एक्सप्रेस का परिचालन सीमित।

  3. नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, गंजाम जिलों में प्रभाव।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अर्णव के प्रभाव को देखते हुए ओडिशा में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने के साथ रेल सेवाओं में भी बदलाव किया गया है।

राज्य के चार जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का निर्णय लिया गया है, जबकि आठ ट्रेनों को रद कर दिया गया है।

इसके अलावा हीराखंड एक्सप्रेस की सेवाएं भी सीमित कर दी गई हैं। अब यह ट्रेन अपने निर्धारित गंतव्य के बजाय केवल रायगड़ा तक ही चलेगी।

नवरंगपुर और रायगड़ा जिलों में मंगलवार, 27 अक्टूबर और 28 अक्टूबर को स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। संबंधित जिला कलेक्टरों ने इस संबंध में अवकाश घोषित किया है। हालांकि, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, कोरापुट और गंजाम जिलों में चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए 27 से 29 अक्टूबर तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है।

आठ ट्रेनें रद, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

चक्रवात के मद्देनजर रेलवे ने आठ ट्रेनों का परिचालन रद कर दिया है। इनमें विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-कोरापुट पैसेंजर, कोरापुट-विशाखापत्तनम पैसेंजर,विशाखापत्तनम-कोरापुट इंटरसिटी एक्सप्रेस और विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर शामिल हैं।

ट्रेन संख्या 18515 और 18516 विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस 29 अक्टूबर से चार नवंबर तक दोनों दिशाओं में रद रहेगी। ट्रेन संख्या 58538 विशाखापत्तनम-कोरापुट पैसेंजर 27 से 30 अक्टूबर तक नहीं चलेगी। इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 58537 कोरापुट-विशाखापत्तनम पैसेंजर 28 से 31 अक्टूबर तक रद रहेगी।

इसी तरह, ट्रेन संख्या 18512 विशाखापत्तनम-कोरापुट इंटरसिटी एक्सप्रेस 30 अक्टूबर को रद रहेगी, जबकि इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 18511 कोरापुट-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस 31 अक्टूबर को नहीं चलेगी।

ट्रेन संख्या 58501 विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर और इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 58502 किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर 27 से 30 अक्टूबर तक रद रहेंगी।

हीराखंड एक्सप्रेस का परिचालन रायगड़ा तक सीमित

चक्रवात के कारण हीराखंड एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। ट्रेन संख्या 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस 27 से 30 अक्टूबर तक रायगड़ा में ही समाप्त कर दी जाएगी।

वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस 28 से 31 अक्टूबर तक कोरापुट के बजाय रायगड़ा से ही रवाना होगी।

रेल सेवाओं में हुए इन बदलावों से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और निर्धारित समय की जानकारी रेलवे से प्राप्त करने की सलाह दी जाती है।

यह भी पढ़ें- 'अर्णव' का रौद्र रूप: 135km/H की रफ्तार से बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में रेड अलर्ट