कोटिया विवाद पर ओडिशा में गरमाई सियासत, नवीन पटनायक की CM माझी को दो टूक- तुरंत करें केंद्र से बात
नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर कोटिया विवाद को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया है।

कोटिया विवाद पर नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री माझी से केंद्र के हस्तक्षेप की मांग की
HighLights
नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री मोहन माझी को पत्र लिखा।
कोटिया विवाद पर केंद्र के हस्तक्षेप की मांग की।
ओडिशा के क्षेत्रीय अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। कोरापुट जिले के विवादित कोटिया क्षेत्र में ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अधिकारियों के बीच बढ़ते तनाव के बीच नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से केंद्र सरकार के स्तर पर इस मामले को उठाने की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि कोटिया में ओडिशा के क्षेत्रीय अधिकारों और राज्य की अखंडता की रक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में नवीन पटनायक ने कहा कि कोटिया में मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति और आगामी चुनाव को देखते हुए इस मामले को केंद्र सरकार तथा आंध्र प्रदेश सरकार के समक्ष उच्चस्तर पर उठाया जाना चाहिए। दोनों राज्यों में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की सरकार है। ऐसे में ओडिशा के हितों की रक्षा के लिए केंद्र को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।
नवीन ने कहा कि ओडिशा की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करना मुख्यमंत्री की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि राज्य के वैध हितों से किसी तरह का समझौता न हो और कोटिया में स्थिति और तनावपूर्ण न बने।
उन्होंने भाजपा को वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र में किए गए वादे की भी याद दिलाई। नवीन ने उम्मीद जताई कि भाजपा नेतृत्व कोटिया के मुद्दे पर ओडिशा की जनता से किए गए अपने वादे को पूरा करेगा और केवल आश्वासन देने के बजाय उसे धरातल पर उतारेगा।