25 अक्टूबर को ओडिशा आएंगे PM मोदी, जटनी में 170 करोड़ के RBI डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को ओडिशा दौरे पर जटनी में भारतीय रिजर्व बैंक के ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर का उद्घाटन ...और पढ़ें

पीएम मोदी (फाइल फोटो)
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी 25 अक्टूबर को ओडिशा के जटनी आएंगे।
आरबीआई के 170 करोड़ के ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर का उद्घाटन।
यह डेटा सेंटर वित्तीय आंकड़ों की सुरक्षा को मजबूत करेगा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्टूबर को ओडिशा के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह जटनी के इन्फो वैली-2 में नवनिर्मित भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) के ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री यहां एंटरप्राइज कंप्यूटिंग एवं साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का भी लोकार्पण करेंगे। उनके दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
शाम 4:30 बजे पहुंचेंगे भुवनेश्वर
ओडिशा भाजपा के उपाध्यक्ष जतिन मोहंती के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 25 अक्टूबर को विशेष विमान से शाम करीब 4:30 बजे भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकाप्टर से अस्थायी हेलीपैड के लिए रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल के आसपास तीन अस्थायी हेलीपैड बनाए जाने की सूचना है। सड़क मरम्मत और साफ-सफाई का काम तेजी से किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, पुलिस सतर्क
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और उससे जुड़ने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने के साथ ही सुरक्षा के अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासनिक और संबंधित विभागों के अधिकारी समय पर सभी तैयारियां पूरी करने में जुटे हैं।
170 करोड़ रुपये की लागत से बना है डेटा सेंटर
जतिन मोहंती ने कहा कि करीब 170 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह डेटा सेंटर नवी मुंबई स्थित आरबीआई की मुख्य डेटा सुविधा के बैकअप के रूप में काम करेगा। इससे देश के महत्वपूर्ण वित्तीय आंकड़ों की सुरक्षा और संरक्षण व्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से ओडिशा के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और राज्य में प्रौद्योगिकी आधारित निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रधानमंत्री का साइबर सुरक्षा और डेटा संरक्षण पर विशेष ध्यान यह सुनिश्चित करने में सहायक होगा कि देश के महत्वपूर्ण आंकड़े भारत में सुरक्षित रहें।
मोहंती के अनुसार, प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। ओडिशा भाजपा ने प्रधानमंत्री के दौरे का स्वागत करते हुए 25 अक्टूबर को उनके भव्य स्वागत की तैयारी की बात कही है।
