ओडिशा में शादी के बाद पहली बार ससुराल आए दामाद ने चुराए 5 लाख के गहने, गिरवी रखी ससुर की बाइक
राजधानी भुवनेश्वर में एक नवविवाहित दामाद को ससुराल से 5 लाख रुपये के सोने के गहने चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

दामाद ने चुराए 5 लाख के गहने (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नवविवाहित दामाद ने ससुराल से सोने के गहने चुराए।
चोरी किए गए गहनों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये।
आरोपी ने ससुर की मोटरसाइकिल भी गिरवी रखी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर में शादी के कुछ दिनों बाद ही एक नवविवाहित दामाद को ससुराल से सोने के गहने चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नयापल्ली पुलिस ने आरोपित राजेश कुमार नायक को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से नयागढ़ का रहने वाला है और भुवनेश्वर के यूनिट-8 इलाके में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजेश की कुछ दिन पहले यूनिट-8 इलाके की एक युवती से शादी हुई थी। शादी के बाद पहली बार ससुराल पहुंचने पर उसकी नजर अलमारी में रखे सोने के गहनों पर पड़ी। आरोप है कि घर में किसी के मौजूद नहीं रहने का फायदा उठाकर उसने करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने चुरा लिए।
परिवार के सदस्यों को जब अलमारी से गहने गायब मिले, तो चोरी का पता चला। इसके बाद मामले की शिकायत नयापल्ली थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
ससुर की मोटरसाइकिल भी गिरवी रखी
आरोपित पर अपने ससुर की मोटरसाइकिल ले जाकर उसे कहीं और गिरवी रखने का भी आरोप है। गहनों की चोरी और मोटरसाइकिल से जुड़े मामले को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। हालांकि, इस संबंध में स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
उल्लेखनीय है कि दुर्गापूजा के दौरान राजधानी में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। त्योहार की भीड़ का फायदा उठाकर चोर घरों और उत्सव में शामिल होने आए लोगों को निशाना बना रहे हैं। बुधवार को शहीदनगर थाना क्षेत्र के वीएसएस नगर स्थित एक सरकारी क्वार्टर में दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई थी।
