Asian Games 2026 Live: कुमकुम ने दिलाया भारत को एक और गोल्ड, अब क्रिकेट पर टिकी नजरें
Asian Games 2026 Live: भारत के लिए आज का दिन बेहद खास रहने वाला है क्योंकि क्रिकेट के गोल्ड मेडल मैच में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के लिए आज का दिन और भी खास होने वाला है। कल भारत को आर्चरी, हॉकी और मुक्केबाजी में ऐतिहासिक गोल्ड मिले थे। वहीं आज भी भारतीय खिलाड़ियों से मेडल की उम्मीदें हैं। क्रिकेट, आर्चरी, हॉकी से लेकर गोल्फ तक में भारतीय खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। आज देश के खिलाड़ी नौ खेलों में हिस्सा लेंगे।
Asian Games Live: महिला रेसलर अंतिम पंघाल ने भी बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह
महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में भारत की अंतिम पंघाल क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। अंतिम पंघाल ने राउंड ऑफ 16 में कजाकिस्तान की शुगिला ओमीरबेक को 9-0 से हराया और अब अगले दौर में उनका सामना उज्बेकिस्तान की साकिपजमाल एस्बोसीनोवा से होगा।
Asian Games 2026: महिला रेसलर मनीषा क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
एक और भारतीय रेसलर ने अपने शुरुआती राउंड के मुकाबले में जीत हासिल कर ली है। महिला रेसलर मनीषा ने दक्षिण कोरिया की ईयुनजिन क्वोन को 8-0 से हराकर 57 किलोग्राम भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अगले दौर में उनका मुकाबला जापान की अकारी फुजिनामी से होगा।
Asian Games Live Updates: सागर जगलान क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
भारतीय पहलवान सागर जगलान ने मंगोलिया के तुल्गा तुमुर्-ओचिर के खिलाफ राउंड ऑफ 16 का मुकाबला 8-1 के स्कोर से जीतते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अगले दौर में भारतीय खिलाड़ी का मुकाबला ईरान के योनेस एमामीचोगई से होगा।
Asian Games Live Updates: ताइक्वांडो खिलाड़ी ज्योति यादव पहले राउंड में बाहर
भारत की महिला ताइक्वांडो खिलाड़ी ज्योति यादव राउंड ऑफ 16 में थाईलैंड की कन्नलक चुएनचूकलिन से 0-2 (4-15, 2-14) से हार गईं। इसके साथ ही ताइक्वांडो में भारत का सफर खत्म हो गया।
Asian Games Live: ताइक्वांडो में कशिश मलिक ने किया निराश
भारत की ताइक्वांडो खिलाड़ी कशिश मलिक महिलाओं के 57 किलोग्राम भारवर्ग के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया की युजिन किम से 0-2 (3-18, 2-17) से हार गईं। इसके साथ ही भारतीय खिलाड़ी का सफर खत्म हो गया।
Asian Games 2026: रेसलिंग में दीपक पूनिया सेमीफाइनल में पहुंचे
भारतीय पहलवान दीपक पूनिया ने राउंड ऑफ 16 में चीन के जुनपेंग झोउ को 'टेक्निकल सुपीरियरिटी' के आधार पर एकतरफा मुकाबले में हराते हुए सीधे सेमीफाइनल का टिकट कटाया है।
Asian Games Live: कुमकुम ने दिलाया एक और गोल्ड
महिला रिकर्व टीम के साथ ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय आर्चर कुमकुम मोहोद ने एक और बड़ा कारनामा किया है। उन्होंने महिलाओं के व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में गोल्ड अपने नाम किया है। इसी के साथ वह इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली भारत की पहली महिला बन गई हैं। कुमकुम ने फाइनल में साउथ कोरिया की येजिन ओह को मुकाबले में 6-5 से मात दी।
Asian Games 2026 Live: आज भी मचेगा धमाल
एशियन गेम्स-2026 में आज भारत के लिए एक और अहम दिन है और इस दिन भी टीम इंडिया के खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा मेडल जीतने की कोशिश करेंगे। भारतीय खिलाड़ी नौ खेलों में चुनौती पेश करेंगे।
Asian Games 2026 Live: शानदार रहा 13वां दिन
एशियन गेम्स 2026 में आज भारत के खाते में 6 गोल्ड मेडल आए। भारत ने एशियाई खेलों में ऐसा पहले सिर्फ एक बार किया है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने गोल्ड के लिए 44 साल का इंतजार खत्म किया। सुजीत कलकल को सलाम, जिन्होंने गोल्ड जीतकर शानदार वापसी की; यह वापसी उनके रेसलिंग करियर की एक छोटी सी झलक थी।
लवलीना बोरगोहेन, अंकुश पांघल और परवीन हुड्डा ने तीन गोल्ड जीतकर भारतीय बॉक्सिंग के लिए एक नई शुरुआत का संकेत दिया। कुमकुम मोहोद, अंकिता भकत और कीर्ति ने रिकर्व आर्चरी फाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर गोल्ड जीता।
धीरज बोम्मादेवरा, नीरज चौहान और यशदीप भोगे ने रिकर्व मिक्स्ड आर्चरी में शानदार सिल्वर मेडल जीता; साथ ही धीरज ने कुमकुम के साथ मिक्स्ड टीम इवेंट में एक और सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया। सेलिंग (महिला डिंगी) में दुर्लभ ब्रॉन्ज मेडल जीतने के लिए नेत्रा कुमानन को सलाम। भारत की सेपकटकराव पुरुष क्वाड्रेंट टीम ने लगातार तीन एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीतने का सिलसिला बनाए रखा।
Asian Games 2026 Live: महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद जीता गोल्ड
भारत और चीन की महिला हॉकी टीम के बीच खेले गए फाइनल के चौथे क्वार्टर में भी दोनों टीम कोई कोई नहीं कर पाईं। ऐसे में भारत ने फाइनल 1-0 से जीतकर गोल्ड पर कब्जा जमाया। भारत की ओर से इकलौता गोल लालरेम्सियामी ने किया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद हॉकी में गोल्ड जीता है।
Asian Games 2026 Live: तीसरा क्वार्टर समाप्त
भारत और चीन के बीच जारी फाइनल के तीसरे क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं हुआ। 45 मिनट के बाद भारत 1-0 से आगे है। आखिरी दो मिनट में भारत ने बॉल के साथ बेहतर खेल दिखाया। एक छोर से दूसरे छोर तक तेजी से पासिंग की गई। इससे भले ही गोल करने के मौके न बने हों, लेकिन टीम ने समय का अच्छा प्रबंधन किया और घड़ी की सुई को आगे बढ़ाया। अब सिर्फ 15 मिनट का खेल बचा है।
Asian Games 2026 Live: हॉकी 40वां मिनट- भारत 1-0 चीन
सलीमा अभी भी खेल से बाहर हैं, ऐसा लगता है कि उनकी उंगली में चोट लगी है। देखते हैं कि क्या वह चौथे क्वार्टर में वापसी कर पाती हैं। आज उन्होंने डिफेंस और अटैक दोनों में शानदार खेल दिखाया। तीसरे क्वार्टर में अभी पांच मिनट और बाकी हैं, भारत ज्यादातर डिफेंस कर रहा है।
Asian Games 2026 Live: भारतीय टीम का शानदार डिफेंस
दूसरे हाफ की शुरुआत में सलीमा की तेजी से ड्रैग-फ्लिक तो रुक गई, लेकिन एक और PC मिल गया। दूसरा PC नवनीत ने गोल-लाइन पर रोक दिया। रिबाउंड पर गेंद उनके पैर से टकराई और अंपायर ने चीन को फिर से स्ट्रोक दे दिया। भारत ने रिव्यू लिया। यह स्ट्रोक नहीं, बल्कि पेनल्टी कॉर्नर था। चीन इसका फायदा नहीं उठा पाया।
Asian Games 2026 Live: हॉकी फाइनल का हाफ टाइम
भारत और चीन के बीच खेले जा रहे हॉकी मैच का पहला हाफ हो गया है। पहले 30 मिनट के बार भारती टीम 1-0 से आगे है। दूसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। इस दौरान चीन को एक पेनल्टी स्ट्रोक जरूर मिल, लेकिन यह गोल में तब्दील नहीं हो पाया। सविता ने टीम को बचाया। वह पिछले एक दशक से ऐसा करती आ रही हैं।
Asian Games 2026 Live: रेसलिंग - महिलाओं के 50 किग्रा ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में दीपांशी
महिलाओं के 50 किग्रा फ्रीस्टाइल में कजाकिस्तान की जेनेप बायानोवा से ब्रॉन्ज मेडल का मुकाबला 4-11 से हारने के साथ ही दीपांशी का एशियन गेम्स का सफर खत्म हो गया।
Asian Games 2026 Live: सविता ने स्ट्रोक बचाया
23वें मिनट में चीन को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। सुशीला ने अटैकर को पीछे से धक्का दिया है। यह एक बड़ी गलती है। हालांकि, गोलकीपर सविता पूनिया ने एक हाथ से स्ट्रोक बचा लिया।
Asian Games 2026 Live: पहले क्वार्टर का खेल समाप्त
पहले 15 मिनट का खेल अब समाप्त हो गया है। भारतीय टीम 1-0 से आगे है। पहले क्वार्टर में गेंद ज्यादातर समय चीन के पास रही, लेकिन लालरेम्सियामी की बदौलत भारत बढ़त बनाए हुए है। अभी तीन क्वार्टर और बाकी हैं, यानी मैच में अभी काफी समय बचा है।
Asian Games 2026 Live: भारत ने मौका गंवाया
चीन जोरदार कोशिश कर रहा है, लेकिन भारत का डिफेंस मजबूत है और उनके टैकल अब तक सही रहे हैं। 13वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। गेंद एक चीनी डिफेंडर के शरीर से टकराई। भारत के पास गोल का मौका था। हालांकि, वह इसे नहीं भुना पाए। नवनीत का हिट वाइड चला गया।
Asian Games 2026 Live: भारत का खाता खुला
10वें मिनट में भारत का खाता खुला। साक्षी के पास पर लालरेमसियामी ने जोरदार रिवर्स हिट से नेट के ऊपरी हिस्से में गोल किया। पहले ही क्वार्टर में भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली है।
Asian Games 2026 Live: हॉकी- भारत 0-0 चीन
7वें मिनट में बलजीत कौर को ग्रीन कार्ड दिखाया गया है, उन्हें दो मिनट के लिए बाहर बैठना होगा। चीन के फ्री हिट लेने के दौरान वह 5 मीटर पीछे नहीं हटीं। भारत को बॉल के साथ थोड़ा और आक्रामक खेलने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने वर्ल्ड कप के ग्रुप मैच में चीन के खिलाफ बहुत अच्छा खेला था, जो 2-2 से ड्रॉ रहा था।
Asian Games 2026 Live: हॉकी- महिलाओं के फाइनल में भारत बनाम चीन
भारतीय महिला हॉकी टीम का फाइनल में चीन से सामना होने जा रहा है। यह मैच तय समय से कुछ देर बाद शुरू हो रहा है। राष्ट्रगान के बाद दोनों टीम एक्शन में नजर आएंगी।
𝗢𝗨𝗥 𝗦𝗧𝗔𝗥𝗧𝗜𝗡𝗚 𝗫𝗜 𝗙𝗢𝗥 𝗧𝗛𝗘 𝗪𝗢𝗠𝗘𝗡'𝗦 𝗚𝗢𝗟𝗗-𝗠𝗘𝗗𝗔𝗟 𝗠𝗔𝗧𝗖𝗛 𝗜𝗦 𝗛𝗘𝗥𝗘! 🇮🇳🔥
— Hockey India (@TheHockeyIndia) October 2, 2026
The Indian Women’s Hockey Team is ready to take on defending champions China in the Asian Games 2026 final! 🏑
One win away from gold and ending a 44-year wait. Let's go!… pic.twitter.com/LhiwmNdoZ4
Asian Games 2026 Live: नीरू ढांडा होंगी ध्वजवाहक
एशियाई खेलों के समापन समारोह के लिए डबल गोल्ड मेडलिस्ट ट्रैप शूटर नीरू ढांडा को भारत का ध्वजवाहक चुना गया है।
Asian Games Live: महिला हॉकी फाइनल में देरी
भारत और चीन के बीच खेला जाने वाला महिला हॉकी फाइनल समय से शुरू नहीं हो सका। यह मैच 45 मिनट की देरी से शुरू होगा, क्योंकि दोनों टीमों की बसें वेन्यू तक जाते समय ट्रैफिक जाम में फंस गई थीं।
Asian Games 2026: कुश्ती में सुजीत को मिला गोल्ड
मुक्केबाजी और आर्चरी के बाद भारत को कुश्ती में भी गोल्ड मेडल मिला है। सुजीत ने पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में ताजिकिस्तान के अबुल मजीद को कड़े मुकाबले में 10-9 से मात देकर यह मेडल अपने नाम किया।
Asian Games 2026 Live: अंकुश को मिला गोल्ड मेडल
भारत को मुक्केबाजी में एक और मेडल मिला है। पुरुषों के 80 किलोग्राम भारवर्ग में अंकुश ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। अंकुश ने साउथ कोरिया के मिनसेयोंग किम को 4-0 से हरा ये मेडल जीता। ये भारत का आज मुक्केबाजी में तीसरा गोल्ड है। अंकुश से पहले लवलीना और परवीन हुड्डा ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
Asian Games Updates: परवीन ने जीता गोल्ड
भारत को मुक्केबाजी में एक और गोल्ड मेडल मिला है। परवीन हुड्डा ने महिलाओं के 65 किलोग्राम भारवर्ग में चीनी ताइपे की चेन निएन चिन को 3-2 से मात देते हुए यह मेडल जीता है। इसी के साथ वह एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की तीसरी भारतीय महिला मुक्केबाज बन गई हैं। उनसे पहले मैरी कॉम (2014) और लवलीना बोरगोहेन (2026) यह काम कर चुकी हैं।
Asian Games 2026: कयाक में पुरुष और महिला वर्ग में मिली हार
कयाक क्रॉस इवेंट में भारत को पुरुष और महिला इवेंट में क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। पुरुष वर्ग में भारत के राठौड़ सिंह नेपाल और कजाकिस्तान के बाद चौथे स्थान पर रहे। वे आगे नहीं बढ़ सके और अगले राउंड में जगह बनाने से चूक गए।
इसी तरह महिलाओं की कयाक क्रॉस में शिखा भी क्वार्टर फाइनल में हार गईं। शिखा चौहान, चीनी ताइपे की टिंग वू और कजाकिस्तान की येकातेरिना के बाद तीसरे स्थान पर रहीं और सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकीं।
Asian Games Live: मुक्केबाजी में आ सकते हैं 2 और गोल्ड
लवलीना ने भारत की झोली में मुक्केबाजी में गोल्ड डाल दिया है, लेकिन इस संख्या में इजाफा हो सकता है। परवीन हुड्डा महिलाओं के 65 किलोग्राम भार वर्ग और अंकुश पंघाल पुरुषों के 80 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में उतरेंगे और गोल्ड जीतने की कोशिश करेंगे।
Asian Games Updates: सेपक टकरा में भारत को मिला ब्रॉन्ज
सेपक टकरा में पुरुषों के क्वाड्रेंट इवेंट में भारत का सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया। भारत को मेजबान जापान से सीधे सेटों में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ भारत को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा है।
Asian Games Live: बेकहम फाइनल के लिए नहीं कर सके क्वालिफाई
भारत को साइकिलिंग में निराशा हाथ लगी है। डेविड बेकहम एल्काटोचचूंगो पुरुषों की कीरिन स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके। उनका सफर सेमीफाइनल में ही खत्म हो गया। भारतीय खिलाड़ी अपनी हीट में 10.578 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
Asian Games 2026: पुरुष रिकर्व टीम ने जीता सिल्वर
भारत को आर्चरी में एक और मेडल मिला है। पुरुष रिकर्व टीम सिल्वर मेडल जीतने में सफल रही है। फाइनल में उसका सामना साउथ कोरिया से था। इस टीम ने भारत को 5-1 से मात दी। इसी के साथ भारत को सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा।
Asian Games Live Updates: साइकिलिंग में डेविड बेकहम का कमाल
साइकिलिंग में भारत के डेविड बेकगम एल्काटोचचूंगो ने पुरुषों के कीरिन सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। डेविड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए दूसरी रेपेचेज हीट में 10.497 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
Asian Games Live: पुरुष रिकर्व टीम फाइनल में पहुंची
भारतीय पुरुष रिकर्व टीम ने भी फाइनल में जगह बना ली है और अपना सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है। भारतीय टीम ने ईरान को 6-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई जहां उसका सामना कोरिया से होगा।
Asian Games Live: सेलिंग में नेत्रा कुमानन ने जीता ब्रॉन्ज
सेलिंग में महिलाओं की डिंगी इवेंट में नेत्रा कुमानन ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। सेलिंग से यह तीसरा मेडल है। दो रेस वाले फाइनल में वह पहली रेस में छठे स्थान पर रहीं और दूसरी रेस जीतीं। कुल मिलाकर वह थाईलैंड की गोल्ड मेडलिस्ट सोफिया मोंटगोमरी और सिंगापुर की सिल्वर मेडलिस्ट जानिया आंग के बाद तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों के इवेंट में, विष्णु सरवनन चौथे स्थान पर रहे और ब्रॉन्ज मेडल से चूक गए।
Asian Games 2026: दीपांशी ब्रॉन्ज की रेस में, प्रिया और रजत का सपना टूटा
दीपांशी ने महिलाओं के 50 किलोग्राम भार वर्ग फ्रीस्टाइल कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में अपनी जगह पक्की करने के लिए रेपेचेज राउंड में कंबोडिया की सैमनांग डिट को टेक्निकल सुपीरियरिटी से हरा दिया। मेडल की रेस में उनका अगला मुकाबला कजाकिस्तान की जेनेप बायानोवा से होगा।
हालांकि, प्रिया मलिक (76 किलोग्राम) और रजत रूहल (125 किलोग्राम) के लिए रेपेचेज का रास्ता नहीं खुला क्योंकि जिन रेसलर्स से ये दोनों हारे थे वे फाइनल तक नहीं पहुंच पाए।
Asian Games Live: सुजीत ने फाइनल में बनाई जगह
सुजीत ने पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में जापान के कोटारो कियोका को मात देकर फाइनल में जगह बना ली है। यानी अब उनका कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो गया है।
Asian Games Live Updates: लवलीना के हिस्से आया गोल्ड
भारत की महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन 75 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीतने में सफल रही हैं। फाइनल में उनका सामना चीन की जियी बाओ से था और भारतीय खिलाड़ी ने 5-0 से जीत हासिल कर देश की झोली में गोल्ड डाला। यह भारत का एशियाई खेलों में महिला मुक्केबाजी में सिर्फ दूसरा मेडल है। उनसे पहले मैरी कॉम ने 2014 में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था।
Asian Games 2026: सुजीत ने पक्का किया मेडल
सुजीत ने कुश्ती में भारत के लिए मेडल पक्का कर दिया है। वह पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में ईरान के अब्बास इब्राहिमजादेहसवादकौह को मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और मेडल पक्का किया।
Asian Games 2026 Live: कुश्ती में भारत को सुजीत ने दिलाई जीत
कुश्ती में लगातार हार के बीच एक अच्छी खबर आई है। पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में सुजीत कलकल ने अफगानिस्तान के सैयद ओमर जाजई को 13-3 से मात देते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
Asian Games 2026: आर्चरी में मिक्स्ड रिकर्व टीम ने जीता सिल्वर
आर्चरी में भारत के हिस्से एक और मेडल आया है। मिक्स्ड रिकर्व टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। कुमकुम और धीरज की टीम को फाइनल में चीन के हाथों 5-3 से हार का सामना करना पड़ा। चीन ने आखिरी समय में बेहतरीन निशाने लगाते हुए गोल्ड मेडल जीता।
Asian Games 2026: सेलिंग में भारत को मिला ब्रॉन्ज मेडल
सेलिंग में भारत को महिलाओं के स्किफ इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल मिला है। यह इवेंट कल हुआ था और भारत मेडल नहीं जीत सका था, लेकिन चीन के डिसक्वालीफाई होने के बाद भारत को मेडल मिला। अब हर्षिता और शीतल के नाम ब्रॉन्ज मेडल हो गया है।
Asian Games Live: मिक्स्ड रिकर्व टीम फाइनल शुरू
मिक्स्ड रिकर्व टीम फाइनल शुरू हो चुका है। भारत के सामने चीन की चुनौती है जो आसान नहीं है। महिला टीम ने कोरिया को हराकर गोल्ड जीता था और इस टीम की सदस्य कुमकुम मिक्स्ड टीम इवेंट में धीरज के साथ मिलकर एक और मेडल जीतने की कोशिश करेंगी।
Asian Games 2026: आर्चरी में रिकर्व मिक्स्ड टीम फाइनल में
महिला रिकर्व टीम के ऐतिहासिक गोल्ड के बाद अब मिक्स्ड टीम ने भी गोल्ड की उम्मीद जगा दी है। इस टीम ने सेमीफाइनल में जापान को 5-3 से मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई। गोल्ड मेडल के लिए भारत का सामना चीन से होगा। कुमकुम और धीरज बोम्मादेवरा इस इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश में होंगे।
Asian Games Live: कुश्ती में एक और हार, रजत हुए बेहाल
कुश्ती में भारत को एक और हार का सामना करना पड़ा है। रजत रूहल को पुरुषों के फ्रीस्टाइल 125 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कजाकिस्तान के येदिगे कासिमबेक ने 8-3 से हरा दिया है। इस मुकाबले में रजत एक समय 3-1 से आगे थे, लेकिन अपनी बढ़त को कायम नहीं रख पाए और हार गए।
Asian Games 2026 Live Updates: दीपांशी के बाद प्रिया को भी मिली हार
कुश्ती में भारत के हिस्से एक और हार आई है। महिलाओं के 76 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड ऑफ 16 में प्रिया को किर्गिस्तान की मेदेत किजी से 6-1 से हार का सामना करना पड़ा है। दीपांशी की तरह ही प्रिया के पास रेपेचेज राउंड में पहुंचने का मौका होगा जहां वह ब्रॉन्ज अपने नाम कर सकती हैं, लेकिन इसके लिए मेदेत को फाइनल में जाना होगा।
Asian Games 2026 Live: कुश्ती में दीपांशी को मिली हार
कुश्ती में भारत के लिए निराशाजनक खबर आई है। महिलाओं के 50 किलोग्राम भारवर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में दीपांशी को जापान की युई सुसाकी ने 11-0 के अंतर से हरा दिया। सुसाकी चार बार की वर्ल्ड चैंपियन हैं और उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि, दीपांशी के पास रेपेचेज के जरिए ब्रॉन्ज मेडल राउंड में पहुंचने का मौका है।
Asian Games 2026: ताइक्वांडो में कशिश मलिक क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
भारत की कशिश मलिक ने मिक्स्ड इंडिविजुअल वर्चुअल ताइक्वांडो के राउंड ऑफ 16 में हांगकांग चीन की सिउ वाई लैम को 2-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
Asian games 2026 Live: सेपक टकरा में भारत को मिली हार
सेपक टकरा में भारतीय महिला टीम को ग्रुप ए के अपने आखिरी मैच में थाईलैंड से 0-2 (10-15, 4-15) से हार का सामना करना पड़ा और इसके साथ ही तीन हार के साथ टीम ग्रुप में सबसे नीचे रही।
Asian Games Live: आर्चरी में महिला रिकर्व टीम का ऐतिहासिक गोल्ड
आर्चरी में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने कमाल कर दिया है। इस टीम ने कोरिया के प्रभुत्व को खत्म करते हुए गोल्ड अपने नाम किया। भारत ने कोरिया को 5-3 से मात दी और एशियन गेम्स में पहली बार गोल्ड जीता।
Asian Games 2026 Live: मेडल की संख्या में होगा इजाफा
एशियन गेम्स में आज भारतीय खिलाड़ी 13 अलग-अलग खेलों में हिस्सा ले रहे हैं और खूब एक्शन देखने को मिलेगा। भारत ने अभी तक 60 से ज्यादा मेडल अपने नाम कर लिए हैं और अभी मेडल टैली में आठवें स्थान पर है।
