विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Asian Games 2026: नागोया में बाढ़ का कहर, कंटेनरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए एथलीट

Published: Wed, 09 Sep 2026 03:19 PM (IST)

जापान के नागोया शहर में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों से ठीक पहले भारी बारिश और बाढ़ ने चिंता बढ़ा दी है।

नागोया में बाढ़

नागोया में बाढ़

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। मध्य जापान के नागोया (Nagoya) शहर में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों (Asian Games 2026) से ठीक पहले भारी बारिश और बाढ़ ने चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, खेल प्रेमियों और आयोजनकर्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि इवेंट के लिए पहले पहुंच चुके सभी एथलीट पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

खेलों में नहीं होगी बाधा

बुधवार को नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा ने आश्वस्त किया है कि इस प्राकृतिक आपदा का एशियाई खेलों के आयोजन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मेयर हिरोसावा ने मीडिया को जानकारी देते हुए स्पष्ट किया, "हमें स्टेडियम और वेन्यू की स्थिति को लेकर कोई चिंता नहीं है। हमारा मानना है कि एशियाई खेल अपनी तय योजना के मुताबिक ही आयोजित किए जाएंगे और इसमें कोई बाधा नहीं आएगी।"

उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण कुछ वेन्यू पर छतों से पानी टपकने की मामूली शिकायतें जरूर मिलीं, लेकिन दर्जनों आयोजन स्थलों के आस-पास कोई गंभीर घटना या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।

सुरक्षित स्‍थानों पर एथलीट

सुरक्षा के मद्देनजर, बारिश के दौरान करीब 400 एथलीटों और सपोर्ट स्टाफ को तुरंत ऊंचाई वाले सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। ये सभी लोग एशियाई खेलों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए 'शिपिंग कंटेनर हाउस' (अस्थायी घरों) में रुके हुए थे।

मंगलवार को जोरदार बारिश

मंगलवार को शहर के कुछ हिस्सों में रिकॉर्ड बारिश हुई, जिससे दर्जनों सड़कें और घर पानी में डूब गए और पैदल चलने वाले लोग व गाड़ियां फंस गईं। मेयर ने बताया कि सिटी बस और सबवे की सेवाएं कुछ समय के लिए रोक दी गई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग 3,500 लोगों ने इमरजेंसी इवैक्यूएशन सेंटरों में शरण ली।

हजारों एथलीट लेंगे हिस्‍सा

एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नागोया और उसके आसपास के क्षेत्रों में किया जाएगा। यह इवेंट समर ओलंपिक से भी बड़ा माना जाता है। इस बार 45 देशों के 11,000 से अधिक एथलीटों ने इसमें हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। बता दें कि 2024 के पेरिस ओलंपिक में लगभग 10,700 एथलीट शामिल हुए थे। एशियन गेम्स का पिछला एडिशन तीन साल पहले चीन के हांगझोऊ में हुआ था।

क्रूज जहाज में रुकेंगे एथलीट

एशियन गेम्‍स 2026 में हजारों एथलीट और अधिकारी होटल के अलावा कंटेनर और क्रूज जहाज में रुकेंगे। एक विशाल इतालवी क्रूज जहाज कोस्टा सेरेना को अस्थायी खेल गांव के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। यह जहाज 15 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नागोया के किंजो पियर पर खड़ा रहेगा।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्‍स 2026 में नीली जर्सी में खेलती नजर आएगी भारतीय टीम, हॉकी इंडिया अध्‍यक्ष ने बताई इनसाइड स्टोरी

यह भी पढ़ें- Exclusive: जापान ने कैसे एशियन गेम्‍स 2026 के लिए BCCI को किया राजी? राजीव शुक्‍ला ने बताई इनसाइड स्‍टोरी