कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद एशियाई खेलों पर होंगी मीराबई चानू की नजरें, मेडल जीतकर रचना चाहेंगी इतिहास
मीराबाई चानू 2026 एशियाई खेलों में भारतीय भारोत्तोलन टीम का नेतृत्व करेंगी, जहाँ उनका लक्ष्य अपने करियर का पहला एशियाई खेल पदक जीतना है।

मीराबाई चानू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। एशियाई खेलों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस बीच सभी की निगाहें भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू पर टिकी होंगी। ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन मीराबाई 2026 एशियाई खेलों में भारतीय भारोत्तोलन टीम की अगुआई करेंगी।
जापान के आइची-नागोया में होने वाले इन खेलों में उनका लक्ष्य अपने शानदार करियर में उस एक उपलब्धि को हासिल करना होगा, जो अब तक उनसे दूर है। एशियाई खेल 19 सितंबर से शुरू होंगे। भारोत्तोलन प्रतियोगिताएं 22 से 28 सितंबर तक टोकाई सिटीजन्स जिम्नेजियम में आयोजित की जाएंगी।
मीराबाई चानू 2023 की कसर को पूरी करना चाहेंगी
मीराबाई महिलाओं के 49 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। वह पहली बार एशियाई खेलों में पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी। हांगझोउ 2023 में वह बेहद मामूली अंतर से पदक से चूक गई थीं और चौथे स्थान पर रही थीं। आइची-नागोया में पदक जीतना मीराबाई के लिए बेहद खास उपलब्धि होगी। इससे वह ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल जैसे तीनों प्रमुख बहु-खेल आयोजनों में पदक जीतने वाली खिलाड़ी बन जाएंगी।
पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने लगातार तीसरा स्वर्ण और कुल चौथा पदक अपने नाम किया था। भारतीय टीम में चार महिला और एक पुरुष भारोत्तोलक शामिल हैं। ज्ञानेश्वरी यादव और हरजिंदर कौर क्रमश: 53 और 69 किग्रा वर्ग में उतरेंगी, जबकि सेराम निरुपमा देवी 61 किग्रा में चुनौती पेश करेंगी।
इकलौते पुरुष भारोत्तोलक हैं ऋषिकांत
ऋषिकांत सिंह टीम में इकलौते पुरुष भारोत्तोलक हैं और पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में भाग लेंगे। उन्होंने भी पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था। भारतीय भारोत्तोलकों का एशियाई खेलों में प्रदर्शन भारत ने अब तक एशियाई खेलों में भारोत्तोलन में 14 पदक जीते हैं, जिनमें पांच रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। हालांकि, भारत को इस स्पर्धा में अब तक स्वर्ण पदक नहीं मिला है।
भारतीय भारोत्तोलन टीम
महिला 49 किग्रा: मीराबाई चानू, महिला 53 किग्रा: ज्ञानेश्वरी यादव, महिला 61 किग्रा: सेराम निरुपमा देवी, महिला 69 किग्रा: हरजिंदर कौर, पुरुष 60 किग्रा: ऋषिकांत सिंह।
यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: नीरज चोपड़ा लगाएंगे स्वर्णिम हैट्रिक, एथलेटिक्स का सबसे बड़ा दल भारत को दिलाएग मेडल ही मेडल!
यह भी पढ़ें- 'मैं वापस आ रहा हूं', नीरज चोपड़ा ने एशियन गेम्स से पहले भरी हुंकार; ग्लास्गो की कसर आइची–नागोया में करेंगे पूरी
