पाकिस्तान के गोल्डन ब्वॉय अरशद नदीम पर लटकी बैन की तलवार? सरकारी नियम तोड़ने पर PSB ने दी बड़ी चेतावनी
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) के साथ एक नए विवाद में फंस गए हैं। उन्होंने PSB से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लिए बिना दक्षिण अफ्रीका में प्रशिक्षण के लिए यात्रा की।

अरशद नदीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, लाहौर। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम पाकिस्तान के खेल अधिकारियों के साथ एक नए विवाद में फंस गए हैं। अरशद पिछले सप्ताह और अगले महीने होने वाली दो बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए अपने पुराने कोच टेर्सियस लिबेनबर्ग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने दक्षिण अफ्रीका गए थे।
उन पर पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (पीएसबी) से जरूरी अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लिए बिना विदेश यात्रा करने का आरोप लगा है। इस घटनाक्रम ने देश के शीर्ष खिलाड़ी से जुड़े इंतजामों और खेल अधिकारियों के साथ उनके समन्वय पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अरशद नदीम ने नहीं दी अधिकारियों को जानकारी
पीएसबी के एक अधिकारी ने कहा कि अरशद ने दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों के अनुसार सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं या प्रशिक्षण के लिए विदेश जाने से पहले अपनी संबंधित महासंघ से और विशेष रूप से पीएसबी से एनओसी लेना जरूरी है।
अरशद नदीम के भविष्य की यात्रा पर पड़ सकता है असर
अधिकारी ने कहा कि हां, उन्होंने किसी को नहीं बताया और आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज है कि उन्होंने हमसे कोई एनओसी नहीं लिया। अगर उनके पास उचित स्पष्टीकरण नहीं है तो इसका असर उनकी भविष्य की विदेश यात्राओं पर पड़ सकता है। ग्लास्गो में हाल में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में अपने प्रदर्शन को लेकर आलोचना झेलने के बाद अरशद ने लाहौर में प्रशिक्षण करने के बजाय दक्षिण अफ्रीका जाने का फैसला किया।
अरशद अब 11 से 13 सितंबर तक हंगरी में होने वाली वर्ल्ड अल्टीमेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप से पहले दक्षिण अफ्रीका में लिबेनबर्ग के साथ काम कर रहे हैं। इसके बाद वह जापान जाएंगे, जहां 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक एशियाई खेलों का आयोजन होना है।
कोच ने दिया भरोसा
2024 में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद से एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ पाकिस्तान (एएफपी) की अरशद के प्रबंधन में भूमिका काफी सीमित रही है। उनके मामलों की देखरेख पीएसबी और कोच सलमान बट कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका में अरशद के साथ काम कर रहे लिबेनबर्ग से संपर्क किए जाने पर उन्होंने भरोसा जताया कि नदीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन फिर से हासिल कर सकते हैं। लिबेनबर्ग ने कहा कि मैं इतना जानता हूं कि उन्होंने पाकिस्तान के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक चैंपियन बनने के लिए कई वर्षों तक लगातार मेहनत और संघर्ष किया है।
