थॉमस और उबेर कप: भारतीय टीमों को चीन के साथ मुश्किल ग्रुप में मिली जगह
भारतीय पुरुष और महिला बैडमिंटन टीमों को थॉमस और उबेर कप के लिए मुश्किल ड्रॉ मिले हैं। दोनों को मौजूदा चैंपियन चीन के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है। ट ...और पढ़ें

भारतीय टीम को मिला मुश्किल ड्रॉ
पीटीआई, नई दिल्ली: भारतीय पुरुष और महिला टीम को क्रमश: थॉमस और उबेर कप के लिए मुश्किल ड्रॉ मिले हैं, क्योंकि उन्हें मौजूदा चैंपियन चीन के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने बुधवार को ड्रॉ की घोषणा की।
थॉमस कप का 34वां और उबेर कप का 31वां सत्र 24 अप्रैल से तीन मई तक डेनमार्क के हार्सेंस में आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2022 में अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय पुरुष टीम को चीन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। भारत पिछले टूर्नामेंट (2024) के क्वार्टर फाइनल में चीन से हार गया था जो बाद में विजेता बना था।
महिला टीम ग्रुप-ए में
उबेर कप में भारतीय महिला टीम भी मौजूदा और 16 बार के चैंपियन चीन के साथ ग्रुप ए में है। मेजबान डेनमार्क और यूक्रेन इस ग्रुप की अन्य टीम हैं। भारत पिछले टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल में जापान से हारकर बाहर हो गया था। चीन के पास एक मजबूत पुरुष टीम है जिसमें दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी शी युकी और दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी ली शी फेंग के अलावा दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी वेंग होंग यांग और दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी लू गुआंग झू शामिल हैं।
हालांकि, भारत को लक्ष्य सेन की हालिया फॉर्म से आत्मविश्वास मिलेगा क्योंकि पेरिस ओलंपिक 2024 के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले इस खिलाड़ी ने इस महीने की शुरुआत में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में उपविजेता रहने के दौरान फेंग को हराया था। भारत ने 2022 में बैंकाक में अपना पहला थॉमस कप खिताब जीतकर इतिहास रचा था। फाइनल में 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर ट्रॉफी जीतने वाला भारत केवल छठा देश बना था।
इस आधार पर किया क्वालिफाई
भारत ने बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप के बाद बीडब्ल्यूएफ पुरुष टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति के आधार पर 2026 थॉमस कप के लिए क्वालीफाई किया। महिला टीम ने भी विश्व रैंकिंग के जरिए उबेर कप में अपनी जगह पक्की की। चार-चार टीम के चार ग्रुप में बांटी कुल 16 टीम राउंड रोबिन लीग खेलेंगी जिसमें हर मुकाबले में पांच मैच (तीन सिंगल्स और दो डबल्स) होंगे। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।
थॉमस कप ड्रॉ:-
ग्रुप ए: चीन, भारत, कनाडा, आस्ट्रेलिया
ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, इंग्लैंड, फिनलैंड
ग्रुप सी: चीनी ताइपे, डेनमार्क, कोरिया, स्वीडन
ग्रुप डी: इंडोनेशिया, फ्रांस, थाईलैंड, अल्जीरिया
उबेर कप ड्रॉ:-
ग्रुप ए: चीन, भारत, डेनमार्क, यूक्रेन
ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, तुर्की, दक्षिण अफ्रीका
ग्रुप सी: चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया
ग्रुप डी: कोरिया, थाईलैंड, बुल्गारिया, स्पेन
यह भी पढ़ें- आकर्षी ओरलियंस मास्टर्स के मुख्य ड्रॉ में पहुंचीं, हमवतन श्रीयांशी और ताइपे की ली वाई को हराया
यह भी पढ़ें- ओलंपिक 2028 में भारत जीतेगा गोल्ड मेडल? साइना नेहवाल ने की बड़ी भविष्यवाणी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।