मध्य प्रदेश के शिवपुरी में जन-चौपाल में हंगामा, भाजपा विधायक बोले- 'तुम मेरे वोटर नहीं हो, समस्या नहीं सुनूंगा'
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा से भाजपा विधायक रमेश खटीक द्वारा नरवर तहसील में समस्या सुनने के लिए लगाई गई जन-चौपाल में उस समय हंगामा हो गया जब ...और पढ़ें

भाजपा विधायक ने लोगों की समस्या सुनने से किया इनकार (फोटो- एक्स)
HighLights
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में जन-चौपाल में हंगामा
लोग बोले- हम विधायक नहीं, सरकार के पास आए थे
जेएनएन, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा से भाजपा विधायक रमेश खटीक द्वारा नरवर तहसील में समस्या सुनने के लिए लगाई गई जन-चौपाल में उस समय हंगामा हो गया जब उन्होंने पड़ोसी विधानसभा पोहरी से आए ग्रामीणों की समस्या सुनने से इनकार कर दिया।
वहां हंगामे के दौरान अनसुनी से क्षुब्ध एक युवक ने अपने मासूम बच्चे को विधायक की गाड़ी के गर्म बोनट पर रख दिया। बता दें कि पोहरी से विधायक कांग्रेस के कैलाश कुशवाह हैं।
बुधवार को नरवर के डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में जन-चौपाल में विधायक रमेश खटीक के समक्ष पोहरी विधानसभा क्षेत्र के नानकपुर और बरखाड़ी गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल व बिजली की समस्या रखी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक ने उनका आवेदन देखते ही कहा कि आप पोहरी के हो, मेरे विधानसभा के मतदाता नहीं हो, मैं आपकी सुनवाई नहीं कर सकता, पोहरी विधायक के पास जाओ।
विधायक के इस जवाब से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने विधायक से कहा कि हम भले ही आपके मतदाता नहीं हैं, लेकिन हम मध्य प्रदेश सरकार के पास अपनी फरियाद लेकर आए हैं और आप सत्ता पक्ष के विधायक हैं। इसी बात पर कुछ देर तक नोंकझोंक और हंगामा हुआ।
इसी बीच निराश लौट रहे एक ग्रामीण ने विरोध जताने के लिए अपने 3-4 साल के मासूम बच्चे को विधायक की खड़ी कार के गर्म बोनट पर लिटा दिया और बोला- जब सुनना ही नहीं है तो हमारे बच्चों को ही ले जाओ। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।