'आशुतोष ने नहीं, किसी और ने काटा मेरा टिकट', नरोत्तम मिश्रा के बयान से मध्य प्रदेश में राजनीति गर्म
दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट न मिलने का दर्द रह-रहकर उभर रहा है। वह इसकी चर्चा किए बिन ...और पढ़ें

'आशुतोष ने नहीं, किसी और ने काटा मेरा टिकट', दतिया में नरोत्तम मिश्रा
HighLights
दतिया भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से कहा- बदला भाजपा से नहीं, कांग्रेस से लेना है
नरोत्तम मिश्रा इस सीट से तीन बार विधायक रहे हैं, वह 2023 में विधानसभा चुनाव हार गए थे
जेएनएन, दतिया। दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट न मिलने का दर्द रह-रहकर उभर रहा है। वह इसकी चर्चा किए बिना रह नहीं पा रहे।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि लोग कह रहे हैं कि आशुतोष ने मेरा टिकट काट दिया। उसकी टिकट काटने की क्षमता नहीं है। टिकट न देने वाले कोई और हैं। वहां हमें बात करनी है और हम करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से भावनाओं में बहकर पार्टी के विरुद्ध नहीं जाने की अपील करते हुए कहा कि बदला भाजपा से नहीं, कांग्रेस से लेना है। हर हाल में आशुतोष तिवारी को जिताना है।
बता दें, नरोत्तम मिश्रा इस सीट से तीन बार विधायक रहे हैं। वह 2023 में विधानसभा चुनाव हार गए थे और उपचुनाव में टिकट मिलने को लेकर लगभग आश्वस्त थे लेकिन पार्टी ने आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया। उन्हें टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों ने रातभर हाईवे जाम किया था और पुलिस पर पथराव भी किया था।
नरोत्तम मिश्रा ने एक तरह से हंगामा करने वाले कार्यकर्ताओं का समर्थन किया और कहा कि कार्यकर्ता उनके परिवार की तरह हैं और किसी की हिम्मत नहीं कि मेरे कार्यकर्ताओं का नुकसान कर दे। अगर ऐसी नौबत आई तो मैं भी तुम्हारे साथ जेल जाने को तैयार हूं।
एसपी से कहा मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि टिकट नहीं मिलने के बाद कार्यकर्ताओं की पीड़ा और आक्रोश को वह समझते हैं। गुस्सा गलत जगह नहीं निकालना है। नरोत्तम मिश्रा ने आरोप लगाया कि चक्काजाम हटाने के दौरान भाजपा कार्यालय पर आंसू गैस के गोले दागे गए।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि एसपी साहब, मैं भूलने वाला प्राणी नहीं, सब याद रखता हूं। मैं दोस्ती और दुश्मनी नहीं भूलता। निर्दोष कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज करना और उन्हें पीटना किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, आशुतोष तिवारी ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा उनके अभिभावक की तरह उनके साथ खड़े हैं। सभी का सम्मान बना रहेगा।