'आपातकाल को सही ठहराने की कोशिश कर रही हैं कांग्रेस नेता', सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा का तीखा हमला
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार की ...और पढ़ें

'आपातकाल को सही ठहराने की कोशिश कर रहीं सोनिया गांधी', भाजपा (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
पार्टी प्रवक्ता केसवन ने कहा-संस्मरण का नाम ‘व्हाइटवाशिंग’ होना चाहिए था
कहा-किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार के "गलत कामों पर पर्दा डालना" है
पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर अपने संस्मरण ‘बिलांगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में आपातकाल को "सही ठहराने" की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि किताब का नाम ‘व्हाइटवाशिंग’ होना चाहिए था।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार की ओर से किए गए "ऐतिहासिक गलत कामों पर पर्दा डालना" लगता है। सत्तारूढ़ दल की यह टिप्पणी सोनिया गांधी के संस्मरण के विमोचन के दिन आई।
इसमें उन्होंने 1975 में देश में लगाए गए आपातकाल पर अपनी राय रखी है और इसे एक गलती बताया है। सोनिया ने कहा कि उनका मानना है कि उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी बाद में ऐसा ही महसूस होने लगा था।
केसवन ने कहा कि सोनिया गांधी ने "कुख्यात आपातकाल को सही ठहराने और सामान्य बताने" की जिस तरह कोशिश की है, वह बेहद चौंकाने वाला है। आपातकाल ने संविधान की हत्या की और मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया था।
उन्होंने कहा,"केंद्र में करीब 55 साल तक रहे कांग्रेस शासन ने भारतीय राजनीति और हमारे लोकतंत्र को अपार क्षति पहुंचाई और गहरे घाव दिए। कांग्रेस पार्टी के ऐतिहासिक पापों और गलतियों को प्रभावी ढंग से सुधारने के लिए देश प्रधानमंत्री मोदी जी का आभारी है।"
संजय गांधी को "काबू में" रखने की टिप्पणी पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने यह भी लिखा कि उनके पति राजीव गांधी के भाई संजय गांधी को "काबू में" रखा जाता तो आपातकाल लगाए जाने के बाद हुए काफी नुकसान को रोका जा सकता था।
केसवन ने कहा,"सोनिया गांधी अपने संस्मरण का नाम ‘बिलांगिंग’ के बजाय ‘व्हाइटवाशिंग’ रख सकती थीं, क्योंकि इस किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार के ऐतिहासिक गलत कामों पर पर्दा डालना और कांग्रेस पार्टी के किए गंभीर पापों को छिपाना लगता है।"
क्या सिख नरसंहार के समय सोनिया की आंख से आंसू निकाल?
उन्होंने कहा,"वह कहती हैं कि बाबरी मस्जिद के लिए उनकी आंखों में आंसू आए। क्या सोनिया गांधी की आंख से एक बूंद आंसू भी तब निकला, जब 1984 के सिख नरसंहार के दौरान गुरुद्वारों को निशाना बनाया गया और हजारों निर्दोष लोगों की हिंसक तरीके से हत्या कर दी गई?
यह नरसंहार कांग्रेस के शासन के दौरान हुआ था। भाजपा नेता ने कहा,"सोनिया गांधी बाटला हाउस के आतंकवादियों के लिए खूब रोईं, लेकिन क्या वह उन बहादुर सीआरपीएफ जवानों के लिए भी रोईं, जो देश और लोगों की रक्षा करते हुए कर्तव्य निभाने के दौरान शहीद हुए?"।
क्या किताब बताएगी 26/11 हमले पर जवाबी कार्रवाई क्यों नहीं की?
उन्होंने सवाल किया,"क्या सोनिया गांधी ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों के लिए आंसू बहाए, जो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए थे? क्या उनकी किताब बताएगी कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार जवाबी कार्रवाई करने में क्यों नाकाम रही?"
"बोफोर्स घोटाले पर चुप क्यों हैं सोनिया"
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, 'सोनिया गांधी की किताब के आने के बाद, बोफोर्स घोटाले को लेकर सवाल फिर से उठ गए हैं, जिस पर कांग्रेस पार्टी और सोनिया गांधी दोनों ही खामोश रहे हैं। लोग यह जानना चाहते हैं कि राजीव गांधी, सोनिया गांधी और ओटावियो क्वात्रोची के बीच ऐसा क्या संबंध था जिसके कारण यह घोटाला हुआ।..सोनिया गांधी को बाबरी की ज्यादा चिंता है।
यह किताब बोफोर्स घोटाले और कांग्रेस की बाबरी वोट-बैंक की राजनीति के इर्द-गिर्द घूमती है। सोनिया गांधी ने न तो माफी मांगी है और न ही तुष्टीकरण की इस राजनीति को छोड़ा है।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।