विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में ASI को गोली मारने वाले का हुआ एनकाउंटर, नाकाबंदी के दौरान क्रास फायरिंग में मारा गया; सिपाही घायल

Published: Sat, 26 Sep 2026 12:27 PM (IST)

अमृतसर में एएसआई पर गोली चलाने वाला आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद मुठभेड़ में ढेर हो गया। ...और पढ़ें

एनकाउंटर की जगह और अस्पताल में उपचाराधीन घायल सिपाही।

एनकाउंटर की जगह और अस्पताल में उपचाराधीन घायल सिपाही।

HighLights

  1. एएसआई को गोली मारने वाला आरोपी नंदी मुठभेड़ में मारा गया।

  2. पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था करणजीत सिंह उर्फ नंदी।

  3. क्रॉस फायरिंग में हेड कांस्टेबल अमृतपाल सिंह घायल हुए।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने वाले शातिर अपराधी का अंत खौफनाक एनकाउंटर के साथ हुआ। एएसआई जसवंत सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी करने वाले आरोपी करणजीत सिंह उर्फ नंदी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। शनिवार तड़के हुई इस क्रास फायरिंग में अमृतसर देहात पुलिस का एक हेड कांस्टेबल भी जांघ में गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने आरोपी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। डीआईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि झंझोटी गांव निवासी आरोपी करणजीत सिंह उर्फ नंदी बुधवार की रात पुलिस कस्टडी से चकमा देकर फरार हो गया था।

गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी शनिवार तड़के इलाके से भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने तुरंत हरकत में आते हुए झंडेर के पास कंदोवालिया गांव में नाकाबंदी कर दी।

यह भी पढ़ें- खाकी पर दाग! फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस का इंस्पेक्टर नशा और अवैध हथियारों की खेप समेत गिरफ्तार

रोकने का इशारा किया तो किया फायर

नाकाबंदी के दौरान जब संदिग्ध बाइक सवार आरोपी को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय सीधे पुलिस पार्टी पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बचाव में पुलिस टीम ने भी त्वरित जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई इस भीषण मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल अमृतपाल सिंह की जांघ में गोली लग गई, जबकि पुलिस की गोलियां लगने से आरोपी नंदी मौके पर ही गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा।

यह भी पढ़ें- दो दिन तक नहर में तलाश, तीसरे दिन मिला अनमोल का शव, गणेश विसर्जन के दौरान हुआ था हादसा

डॉक्टरों ने मृत किया घोषित

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने अपने घायल साथी और आरोपी दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद आरोपी करणजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वारदात स्थल से आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक और अवैध पिस्तौल को कब्जे में ले लिया है। घायल पुलिसकर्मी का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- नशे के लिए पति ने पार की हैवानियत की हदें! बटाला में पैसों के लिए पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार