Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'पंजाब ने नफरत की राजनीति को नकारा, 5वें स्थान पर 'ED' पार्टी'; निकाय चुनाव में AAP की शानदार जीत पर बोले CM मान

    Updated: Fri, 29 May 2026 09:55 PM (IST)

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने निकाय चुनावों में 'आप' की जीत को विकासमुखी शासन पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने नफरत की राजनीति को खारिज ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    निकाय चुनाव में AAP की शानदार जीत पर बोले CM मान। फोटो एक्स

    HighLights

    1. 'आप' की जीत विकासमुखी शासन पर जनता की मुहर।

    2. विपक्ष की नफरत, विभाजनकारी राजनीति को जनता ने नकारा।

    3. भाजपा (ई.डी. पार्टी) पंजाब में पांचवें स्थान पर खिसकी।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नगर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) की शानदार जीत को पंजाब सरकार के विकासमुखी शासन मॉडल पर जनता की निर्णायक मुहर और विपक्ष की नफरत, विभाजनकारी तथा नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह खारिज करने वाला जनादेश बताया है।

    उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा का पूरी तरह “सफाया” कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह फैसला मुफ्त बिजली, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार के अवसर पैदा करने तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में जनता के विश्वास को दर्शाता है।

    पूरे पंजाब में ‘आप’ के दबदबे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन नतीजों ने भाजपा (जिसे उन्होंने “ई.डी. पार्टी” कहा) को पांचवें स्थान पर धकेल दिया है और यह स्पष्ट संदेश दिया है कि पंजाब पूरी तरह काम की राजनीति के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यह जनादेश इस बात का भी संकेत है कि ‘आप’ 2027 के विधानसभा चुनावों में 2022 की अपनी ऐतिहासिक जीत का रिकॉर्ड भी पार करने की राह पर है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब के हर शहर, कस्बे और गांव में बिना किसी भेदभाव के समान विकास किया जाएगा।

    यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब के लोगों ने सांप्रदायिक ताकतों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है और धर्मनिरपेक्षता तथा आम आदमी पार्टी के पक्ष में जोरदार फैसला सुनाया है। भीषण गर्मी के बावजूद लोग लोकतंत्र की रक्षा के लिए वोट डालने बाहर निकले, जो बेहद उत्साहजनक संकेत है।”

    मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोग लगातार ‘आप’ और उसकी नीतियों के साथ खड़े हैं। ‘आप’ के लिए जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों की संयुक्त ताकत भी ‘आप’ को मिले समर्थन का मुकाबला करने में विफल रही। उन्होंने कहा, “कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा, जिसे मैं ई.डी. पार्टी कहता हूं, सभी मिलकर भी ‘आप’ द्वारा जीती गई सीटों की संख्या तक नहीं पहुंच सके।

    खबरें और भी

    पार्टी छोड़कर जाने वाले ‘आप’ के पूर्व राज्यसभा सदस्यों पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “जिन लोगों ने पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने का रास्ता चुना, उन्हें जनता ने जवाब दे दिया है।
    हल्कावार नतीजों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जनादेश पूरे पंजाब में ‘आप’ के लिए मजबूत समर्थन को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पैतृक हलके गिद्दड़बाहा में ‘आप’ ने 19 में से 17 सीटें जीतीं। बरनाला, जो नव-नियुक्त पंजाब भाजपा अध्यक्ष से संबंधित है, वहां भाजपा कहीं मुकाबले में ही नहीं थी, जबकि ‘आप’ ने 50 में से 37 सीटों पर जीत दर्ज की।”

    इन चुनावों को एक बड़े राजनीतिक सफर की शुरुआत बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “ये नतीजे सिर्फ एक शुरुआत हैं। ‘आप’ विधानसभा चुनावों में अपनी स्थिति को और मजबूत करना तथा अधिक सीटें जीतना जारी रखेगी। भगवान की कृपा से सुनील जाखड़ ने सही समय पर अपना पद छोड़ दिया। दूसरी ओर राजा वड़िंग को दिल्ली में अपनी पार्टी नेतृत्व की बैठक के दौरान कठिन सवालों का सामना करना पड़ेगा।”

    मतदान के दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के व्यवहार के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, “मतदान वाले दिन जो ड्रामेबाजी देखने को मिली, वह अनावश्यक और दुर्भाग्यपूर्ण थी। ऐसा व्यवहार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता।

    मतदान प्रणाली पर उठाए गए सवालों के बारे में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “कुछ पार्टियां जब भी हारती हैं तो वे बैलेट पेपर और ईवीएम दोनों पर सवाल उठाती हैं। भारत निर्वाचन आयोग को ईवीएम को लेकर फैली गलतफहमियों को दूर कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।”

    इस बड़े जनादेश के लिए लोगों का धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत सरकार को और अधिक समर्पण भाव से काम करने के लिए प्रेरित करेगी।