Punjab Weather Update: पठानकोट के रास्ते मानसून की एंट्री, कई जिलों में हुई झमाझम वर्षा; पहली बारिश में खुली सरकार की पोल, महिला की मौत
Punjab Weather Update पंजाब में आखिरकार लंबे इंतजार के बाद मानसून की एंट्री हो गई। मानसून आते ही पंजाब के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली लेकिन सरकार की अव्यवस्था के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पूरा शहर जलथल हो गया। लोगों को जलभराव से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जागरण टीम, लुधियाना/शिमला। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार पंजाब में पठानकोट के रास्ते मानसून की एंट्री हो ही गई। मानसून उत्तराखंड से हिमाचल पहुंचा और सात जिलों को कवर करने के बाद पठानकोट के रास्ते पंजाब पहुंचा। पठानकोट में बादल छाए रहे। प्रदेश के बाकी जिलों में मानसून एक से दो दिन में पहुंच जाएगा। बुधवार देर रात कई जिलों में वर्षा भी हुई। इससे पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग ने प्रदेश में एक जुलाई तक भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। वीरवार को कई जिलों में राहत की वर्षा हुई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। संगरूर में सबसे अधिक 71.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। कई जिलों में तेज हवाएं चलीं, जिससे कई पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई। वीरवार को जिला गुरदासपुर व पठानकोट का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 38.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इस दिन पूरे प्रदेश में आएग मानसून
पटियाला का 33.7, फिरोजपुर का 33.1, बठिंडा का 31, संगरूर का 30.9, फरीदकोट का 30.5, और लुधियाना का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वीरवार को औसतन तापमान में 4.9 डिग्री की गिरावट रही।
वहीं भारी वर्षा के साथ हिमाचल के सात जिलों ऊना, सोलन, शिमला, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और चंबा में मानसून पहुंच गया है। दो दिन में पूरे प्रदेश में मानसून प्रवेश कर जाएगा।
एंबुलेंस रोड की टूटी पुलिया
हिमाचल में 24 घंटों में 12 से 70 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने पहली जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। शिमला जिला के जुन्गा में भारी वर्षा के कारण बुधवार रात नाले में बाढ़ आने से सड़क, खेतों और बावड़ी को भारी नुकसान हुआ है। एंबुलेंस रोड की पुलिया टूट गई है।
उधर रायटर के जून की शुरुआत में ही बुआई का सीजन होने के बावजूद अब तक मंथर गति से चल रहा मानसून अब देश के तीन-चौथाई हिस्से से अधिक को कवर कर चुका है। इसके बावजूद वह समय से पूरे भारत पर छाकर खूब बरसेगा।
यह भी पढ़ें- अब चंडीगढ़ में 24x7 खुलेंगी दुकानें, प्रशासन ने जारी किया नोटिफिकेशन; महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी बने कड़े नियम
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
मानूसन ने रफ्तार पकड़ ली है, इसलिए अगले पखवाड़े में देश के अधिकांश भागों में अच्छी बारिश होगी। अब तक कम बारिश की भरपाई जुलाई मध्य तक होने का अनुमान है। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मानसून के जरिये पूरे देश में होने वाली यह ग्रीष्मकालीन बारिश कृषि प्रधान भारत के आर्थिक विकास के लिए बेहद जरूरी है।
करंट से महिला की गई जान
पंजाब में मानसून की पहली वर्षा ने ही कई जिलों में व्यवस्था की पोल खोल दी। नगर निगम की ओर से समय पर सीवरेज व नालियां साफ न करने से सड़कों पर पानी जमा हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लुधियाना में सुबह साढ़े पांच से साढ़े आठ बजे तक हुई वर्षा से पूरा शहर जलथल हो गया।
बुड्ढा दरिया का पानी भी ओवरफ्लो होकर आसपास के इलाकों में घुस गया। 45 वर्षीय मीनू मल्होत्रा ने जैसे ही फ्रिज बंद करने के लिए स्विच को हाथ लगाया तो करंट लगने से मौत हो गई। संगरूर, कोटकपूरा और अन्य इलाकों में भी जलभराव हो गया।