AAP के कैबिनेट मंत्रियों की सीटों पर सस्पेंस बरकरार, अब तक 71 उम्मीदवार घोषित; BJP-SAD व कांग्रेस में इंतजार
आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 71 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी तैयारी में बढ़त बनाई ...और पढ़ें
-1794592026643_m.webp)
AAP के कैबिनेट मंत्रियों की सीटों पर सस्पेंस बरकरार। फाइल फोटो
HighLights
आप ने 2027 पंजाब चुनाव के लिए 71 उम्मीदवार घोषित किए।
कैबिनेट मंत्रियों की सीटों पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है।
अन्य दल कांग्रेस अकाली-भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार कर रहे।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने 117 में से 71 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी तैयारी में अन्य दलों के मुकाबले बढ़त बना ली है। हालांकि, पार्टी ने कैबिनेट मंत्रियों की सीटों पर अभी सस्पेंस बरकरार रखा है।
दूसरी तरफ कांग्रेस, अकाली-भाजपा में उम्मीदवारों को लेकर इंतजार है। कांग्रेस अभी भी उम्मीदवारों की सर्वे रिपोर्ट तैयार कर रही है। संभावित गठबंधन के चलते भाजपा व अकाली दल के उम्मीदवारों की घोषणा भी अभी अधर में है।
आम आदमी पार्टी ने अब तक दो सूचियां जारी की है। पहली सूची 31 अक्टूबर को जारी हुई थी, जिसमें 40 नाम थे। दूसरी सूची 12 नवंबर को जारी हुई, जिसमें 31 उम्मीदवारों के नाम थे। दोनों सूचियों में ज्यादातर मौजूदा विधायकों और हलका इंचार्जों को ही जगह मिली है, लेकिन, कैबिनेट मंत्रियों के नामों की घोषणा से पार्टी अभी बच रही है।
हालांकि, इसकी वजह साफ नहीं है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी मंत्रियों की सीटों पर सर्वे और उनकी परफार्मेंस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। दूसरी सूची में कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट कटना भी इसी ओर इशारा करता है।
दूसरे दलों के बड़े चेहरों के मैदान में उतरने का इंतजार
पार्टी सूत्रों का कहना है कि एक रणनीति के तहत पार्टी के नेतृत्व द्वारा तय किया गया है कि मंत्री पद पर मौजूद नेताओं के नामों की घोषणा पीएसी द्वारा जारी की जाने वाली तीसरी व चौथी सूची में शामिल किया जाएगा।
इसके पीछे कारण यह भी बताया जा रहा है कि दूसरे दलों के बड़े चेहरों के मैदान में उतरने का इंतजार किया जा रहा है और संभावना है कि आम आदमी पार्टी अपने आत्मविश्वास का प्रदर्शन करने के लिए दूसरे दलों के दिग्गज चेहरों के सामने पार्टी के कद्दावर नेता बन चुके कैबिनेट मंत्रियों को उतार दे।
हालांकि, ज्यादातर मंत्री अपने हलके बदलने के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन सूचनाएं यह आ रही हैं कि मालवा के इलाके से ही तीन मंत्रियों के हलके बदलने पर विचार किया जा रहा है ताकि पार्टी की चुनावी बिसात को नयापन दिया जा सके और पार्टी के नेतृत्व को क्षेत्रवार बैलेंस करते हुए ज्यादा जिलों में बड़े चेहरे दिए जा सकें।
पार्टी में सक्रियता के आधार पर तय किए जा रहे टिकट: मान
मंत्रियों की सूची व गुरमीत सिंह खुड्डियां की टिकट कटने के बारे में पूछने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पार्टी की टिकट का निर्धारण सर्वे रिपोर्टों के आधार पर और पार्टी में सक्रियता के आधार पर किया जा रहा है। मंत्रणा चल रही है और जल्द ही मंत्रियों के नाम भी सूची में दिखेंगे।
गुरमीत सिंह खुड्डियां की टिकट के बारे में मान ने कहा कि पार्टी ही भूमिका तय करती है कि चुनाव लड़ाना है या फिर संगठन में काम करवाना है। मुझे पार्टी ने आदेश दिया था तो मैं जलालाबाद जाकर चुनाव लड़ा था और फिर आदेश हुआ कि धूरी से चुनाव लड़ना है तो वहां से मैदान संभाला, अब फिर आदेश दे दिया गया है।
सीएम ने कहा कि यदि पार्टी ने तय किया है कि खुड्डियां को कोई और जिम्मेवारी देनी है तो वह ठीक है। अन्य विधानसभा क्षेत्रों से कुछ आप नेताओं की नाराजगी के सवाल पर सीएम मान ने कहा कि ऐसे भी कुछ कार्यकर्ता होते हैं जो अक्सर भावुक हो जाते हैं, उन्हें समझना होगा कि पार्टी जब कोई निर्णय लेती है तो वह बहुत स्तर पर सोच-विचार के बाद लिया जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।