विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में गोराया ओवरब्रिज पर हादसा, ट्रक के नीचे फंसी बाइक; तीन युवकों ने मौके पर दम तोड़ा

Published: Sat, 05 Sep 2026 03:26 PM (IST)

गोराया ओवरब्रिज पर ट्रक के नीचे मोटरसाइकिल फंसने से तीन युवकों की मौत हो गई। एक की पहचान साहिल और ...और पढ़ें

ट्रक के नीचे घुसी हुई बाइक।

ट्रक के नीचे घुसी हुई बाइक।

HighLights

  1. जालंधर के गोराया ओवरब्रिज पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।

  2. मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने मौके पर दम तोड़ा।

  3. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के गोराया में ओवरब्रिज पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे जा फंसी, जबकि तीनों युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़े मिले। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, सड़क सुरक्षा बल के सहायक उपनिरीक्षक सर्वजीत सिंह को हादसे की सूचना मिली थी। वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे फंसी हुई थी। पास ही तीन युवक गंभीर हालत में पड़े थे। टीम ने तुरंत 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया।

यह भी पढ़ें- जालंधर के बिजली संकट पर भाजपा भड़की, उद्योगों के लिए 24 घंटे आपूर्ति की मांग; DC कार्यालय पहुंच सौंपा ज्ञापन

एक मृतक की हुई पहचान

एंबुलेंस कर्मियों ने तीनों युवकों की जांच की तो उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतकों में एक की पहचान उसके वाहन चलाने के लाइसेंस के आधार पर लुधियाना निवासी साहिल के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान जितेंद्र के रूप में बताई गई है, जबकि तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हादसे की सूचना थाना गोराया पुलिस को दी गई। इसके बाद सड़क सुरक्षा बल की टीम ने सहायक उपनिरीक्षक बावा सिंह को मौके पर बुलाया। पुलिस अधिकारी ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लिया। शवों को निजी वाहन की मदद से फिल्लौर के सिविल अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।

यह भी पढ़ें- बादल-कैप्टन के पैतृक गांवों में CM मान की दस्तक, 2027 से पहले लोक मिलनी के जरिए सियासी संदेश देने की तैयारी

पुलिस ने जांच की शुरू

उधर, सड़क सुरक्षा बल की टीम ने ड्यूटी अधिकारी की मदद से ट्रक के नीचे फंसी मोटरसाइकिल को बाहर निकलवाया और उसे थाना गोराया भेज दिया। इसके बाद हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रक को ओवरब्रिज से हटाकर वहां से टो करवाया गया, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य की जा सके।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना किस वजह से हुई। पुलिस तीसरे मृतक की पहचान करने के साथ हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- अध्यापक दिवस पर CM मान का संदेश- सफलता के बाद शिक्षक को न भूलें; 50 शिक्षकों को मिला राज्यस्तरीय सम्मान