जालंधर में किशनगढ़-करतारपुर मार्ग का होगा चौड़ीकरण, 100 करोड़ से बनेगा हाईवे और दो फ्लाईओवर
जालंधर में किशनगढ़-करतारपुर मार्ग को चौड़ा करने और दो फ्लाईओवर बनाने की योजना है, जिस पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।

किशनगढ़-करतारपुर मार्ग चौड़ा होगा।
HighLights
किशनगढ़-करतारपुर मार्ग का 100 करोड़ से अधिक में चौड़ीकरण
दो फ्लाईओवर दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे से जुड़ेंगे
जालंधर की कनेक्टिविटी सुधरेगी, 14 गांवों को लाभ मिलेगा
सुरिंदर सिंह, जालंधर। दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे और रिंग रोड प्रोजेक्ट के तहत जालंधर की हाईवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने की तैयारी है। अब किशनगढ़ से करतारपुर तक जाने वाली सड़क को चौड़ा करने और इस रूट पर दो फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की जा रही है।
इस प्रोजेक्ट पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआई) की ओर से इसकी डीपीआर तैयार करवाई जा रही है। इसके बाद करीब दो महीने में टेंडर लगाने की तैयारी है। टेंडर खुलने और निर्माण कार्य आवंटित होने के बाद अगले तीन साल में प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य रखा जाएगा।
इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि किशनगढ़-करतारपुर रोड को केवल चौड़ा ही नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे रिंग रोड और दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे के साथ भी जोड़ा जाएगा। इससे जालंधर के भोगपुर और आदमपुर क्षेत्र से अमृतसर, अमृतसर एयरपोर्ट, तरनतारन और गोइंदवाल साहिब जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा।
करतारपुर से पठानकोट की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को काहलवां और किशनगढ़ के पास से दो एंट्री प्वाइंट मिलने की योजना है। उन्हें इन शहरों की तरफ जाने के लिए जालंधर शहर के भीतर से गुजरने की जरूरत कम पड़ेगी।
बल्लां से काहलवां तक बन रही रिंग रोड से भी जुड़ेगा रूट
जालंधर के आसपास एक अन्य महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है। गांव बल्लां से लेकर काहलवां तक रिंग रोड तैयार की जा रही है। इसकी कनेक्टिविटी किशनगढ़-करतारपुर रोड के साथ गांव भट्ठे या मंड मोड़ के आसपास दी जाने की योजना है।
ये दोनों गांव किशनगढ़-करतारपुर रूट के बीच आते हैं और काहलवां की तरफ जाने वाले रास्ते से जुड़े हैं। ऐसे में दोनों प्रोजेक्ट आपस में जुड़ने के बाद आसपास के क्षेत्रों के लिए हाईवे तक पहुंचना आसान हो सकता है।
प्रोजेक्ट से जुड़ी प्रमुख बातें
किशनगढ़-करतारपुर रोड पर दो फ्लाईओवर तैयार करने की योजना है। इनके माध्यम से रिंग रोड और दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे के साथ कनेक्टिविटी दी जाएगी। किशनगढ़ से करतारपुर तक मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए दोनों तरफ जमीन की उपलब्धता को देखते हुए अधिग्रहण की प्रक्रिया करनी पड़ सकती है। सर्वे में इस रूट के दोनों तरफ अधिकतर कृषि भूमि मिली है, जबकि कुछ जगह दुकानें भी बनी हुई हैं।
14 गांवों को सीधा लाभ
किशनगढ़, संघवाल, ब्यास पिंड, करारी, दुगरी, फरीदपुर, वारीआह, मंड मोड़, मोड़, भट्ठे, पसणा, अंबगढ़, जल्ला सिंह और काहलवां के आसपास रहने वाले लोगों को इस कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
छह महीने बाद दोबारा सर्वे, पहले रद हो चुका था प्रस्ताव
किशनगढ़ से करतारपुर तक सड़क चौड़ी करने और हाईवे कनेक्टिविटी देने का प्रस्ताव पहले रद्द हो गया था। करीब छह महीने बाद दोबारा सर्वे कराया गया। इसमें सड़क के दोनों ओर जमीन, कृषि क्षेत्र, दुकानों और अन्य निर्माणों की स्थिति की जांच की गई। अब नए सिरे से डीपीआर तैयार की जा रही है।
काहलवां के पास स्लैब रखने का काम शुरू
जालंधर-अमृतसर हाईवे पर काहलवां के पास रिंग रोड जहां से गुजरती है, वहां उसे दूसरी सड़क से जोड़ने के लिए स्लैब डालने का काम शुरू हो चुका है।
बनने वाली सड़कें होंगी टोल रोड
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, प्रोजेक्ट पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। डीपीआर तैयार होने के बाद करीब दो महीने में टेंडर जारी करने की तैयारी है। काम आवंटित होने के बाद तीन साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।
प्रोजेक्ट के तहत बनने वाली सड़क और हाईवे कनेक्टिविटी टोल व्यवस्था के अधीन होगी। वाहन चालकों को निर्धारित टोल व्यवस्था के अनुसार शुल्क देना होगा। जालंधर या मुकेरियां की ओर टोल देना रूट और टोल व्यवस्था पर निर्भर करेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।