लुधियाना में पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह पर जानलेवा अटैक, बदमाशों ने बंदूक के बट से किया हमला; कार पर की फायरिंग
लुधियाना में पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह पर देर रात जानलेवा हमला हुआ। 5-6 बदमाशों ने तलवारों और पिस्तौल से हमला किया, जिसमें तीन आरोपियों की पहचान हो गई है।

पीड़ित पूर्व कांग्रेसी नेता जगजोत सिंह (जागरण फोटो)
HighLights
पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह पर लुधियाना में हमला
5-6 बदमाशों ने तलवारों और पिस्तौल से किया वार
तीन हमलावरों की पहचान हुई, मामला दर्ज
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में बुधवार देर रात ढोलेवाल इलाके में मैगी प्वाइंट रेस्टोरेंट से खाना खाकर लौट रहे पूर्व कांग्रेसी नेता जगजोत सिंह पर करीब 7 से 8 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
आरोप है कि इनोवा कार में सवार हमलावरों ने जगजोत पर पांच से छह गोलियां चलाईं। जान बचाने के लिए वह अपनी कार में बैठा तो हमलावरों ने गाड़ी पर भी गोलियां चलाईं। इसके बाद उसके सिर पर दातर से वार किए और पिस्तौल के बट से हमला कर बाल काट दिए। वारदात के समय जगजोत की मां और साढ़े तीन साल का बेटा भी कार में मौजूद थे। जगजोत किसी तरह कार लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा।
मिल्लरगंज निवासी जगजोत सिंह ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश और राजनीतिक विवाद होने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, करीब एक साल पहले भी इन्हीं लोगों ने उसके घर पर आकर हमला किया था और गोलियां चलाई थीं।
जगजोत ने बताया कि बुधवार देर रात वह अपनी मां मनजीत कौर और साढ़े तीन साल के बेटे के साथ ढोलेवाल स्थित मैगी प्वाइंट रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। तीनों कार में बैठकर ही खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद वह बेटे के लिए पानी की बोतल लेने और बिल चुकाने के लिए कार से नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे से सात से आठ युवक आए और उस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने पहले दो गोलियां चलाईं, लेकिन वह बच गया। इसके बाद वह भागकर कार में बैठ गया। आरोप है कि हमलावरों ने कार की खिड़की के पास आकर गोलियां चलाईं और गाड़ी के अंदर भी दो गोलियां दागीं। इस दौरान उसकी मां और छोटा बेटा कार में ही मौजूद थे।
जगजोत ने आरोप लगाया कि कार भगाने की कोशिश करते समय हमलावरों ने उसकी दस्तार के ऊपर से दातर से वार किए। उसके सिर पर कई वार किए गए और पिस्तौल के बट से भी चोट पहुंचाई गई।
पीड़ित का दावा है कि हमलावरों ने दातर से उसके बाल काट दिए। उसने बताया कि वह अमृतधारी है। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसने लात और आंख के पास गोली के छर्रे लगने की बात भी कही है। चोटों की गंभीरता मेडिकल जांच के बाद स्पष्ट होगी।
मां ने बेटे को बचाने की कोशिश की
जगजोत की मां मनजीत कौर ने बताया कि बेटा पानी की बोतल लेने और पैसे देने के लिए कार से उतरा था। इसी दौरान उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो बेटा भागता हुआ कार की तरफ आ रहा था और पीछे से गोलियां चलने की आवाजें आ रही थीं। बेटा कार में बैठा तो हमलावर खिड़की के पास आकर फायरिंग करने लगे। मनजीत कौर के मुताबिक, उन्होंने बेटे को बचाने के लिए हमलावरों के सामने आने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उन्हें भी चोटें आईं। उनके चेहरे पर चोट लगी है।
एक साल पहले घर पर भी किया था हमला
जगजोत ने दावा किया कि वह हमलावरों को पहले से जानता है और करीब एक साल पहले भी उन्होंने उसके घर पर हमला कर फायरिंग की थी। उसने बताया कि वह पहले कांग्रेस पार्टी से जुड़ा था, लेकिन अब किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं है।
उसके आरोप के मुताबिक, हमलावर दूसरी राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं और चुनावी रंजिश के चलते उसके साथ दुश्मनी रखते हैं। उसने हमलावरों के जनता नगर इलाके से संबंधित होने का भी दावा किया है।
जगजोत प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है और एक एनजीओ भी चलाता है। उसके अनुसार, कार के अंदर गोलियों के निशान हैं और गाड़ी में .45 बोर का एक खाली खोल भी मिला है। उसने सवाल उठाया कि यदि हमलावरों की उससे कोई रंजिश थी तो उन्हें यह भी देखना चाहिए था कि कार में उसकी मां और छोटा बच्चा मौजूद थे।
