लुधियाना के जस्सियां रोड पर पटाखों से झुग्गियों में लगी आग, 5 सिलिंडर फटने से 15 आशियाने खाक; 4 लोग झुलसे
लुधियाना के जस्सियां रोड पर पटाखों की चिंगारी से झुग्गियों में भीषण आग लग गई, जिससे करीब 15 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं।

झुग्गियों में लगी भीषण आग। (जागरण)
HighLights
जस्सियां रोड पर पटाखों से लगी भीषण आग।
करीब 15 झुग्गियां जलकर खाक, चार लोग झुलसे।
कई गैस सिलिंडर फटने से मची अफरा-तफरी।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। जस्सियां रोड पर सोमवार देर रात पटाखों की चिंगारी से झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 15 झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। आग की चपेट में आने से तीन से चार लोग झुलसे भी हैं।
इस दौरान झुग्गियों में रखे एक के बाद एक चार से पांच गैस सिलिंडर धमाकों के साथ फट गए। सिलिंडरों में हुए धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11:30 बजे झुग्गियों में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि पटाखों से निकली चिंगारी झुग्गियों तक पहुंचने के कारण आग लगी।
तेजी से फैली आग
झुग्गियां पास-पास होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और करीब 15 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार फैलती रही।
पंजाब में लुधियान के जस्सियां रोड पर पटाखों की चिंगारी से आग भड़क गई और 15 झुग्गियां जलकर खाक हो गई है। इस दौरान सिलिंडर भी फटने लगे। 4 लोगों के झुलसने की सूचना है। #Punjab https://t.co/YyNuec862t
— Piyush Pandey (@piyush_bebak_) November 2, 2026
इसी बीच झुग्गियों में रखे गैस सिलिंडरों में धमाके होने शुरू हो गए। एक के बाद एक चार से पांच सिलिंडर फटने से स्थिति और भयावह हो गई।
धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। देर रात तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे। लेकिन लोगों का सामान जलकर खाक हो गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।