Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    श्री मुक्तसर साहिब: लिंग जांच से इनकार करने पर पति की दरिंदगी, गर्भवती पत्नी को पीटकर चाकू से किया हमला

    Updated: Tue, 21 Apr 2026 03:13 PM (IST)

    पति ने लिंग जांच से इनकार करने पर गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा और चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    पति ने लिंग जांच से इनकार करने पर गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा (प्रतीकात्मक फोटो)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। पत्नी के पेट में पल रहा बच्चा लड़का है या लड़की इसका पता लगाने के लिए पति लिंग जांच करवाने के लिए पत्नी पर दबाव बना रहा था। पत्नी के मना करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। बच्चे को पेट में खत्म करने के प्रयास का भी पत्नी ने आरोप लगाया है।

    घायल गर्भवती को पहले मुक्तसर और फिर वहां से फरीदकोट रेफर कर दिया गया। घटना गांव रामगढ़ चूंगा की है। थाना लक्खेवाली पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार के लिए तलाश शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी शिकायत में जोगिंदर कौर निवासी गांव रामगढ़ चूंगा ने बताया कि उसकी शादी पांच मई 2019 को गुरबंस सिंह पुत्र जगदीश सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद हमारे घर दो लड़कियों ने जन्म लिया जिनमें बड़ी बच्ची की उम्र करीब साढ़े पांच साल और छोटी बच्ची की उम्र करीब दो साल है। अब भी मैं करीब तीन माह से गर्भवती हूं।

    मेरा पति गुरबंस सिंह गांव मोड़ में टेलर मास्टर का काम करता है पर वह रोज शराब पीने का आदी है और शराब पीकर मेरे साथ लड़ाई-झगड़ा करके मेरी अक्सर ही पिटाई करता है। पति मेरे पेट में पल रहे बच्चे के बारे में कहता है कि अपने घर पहले ही दो लड़कियां हैं, अगर तीसरा बच्चा भी लड़की पैदा हो गई तो इनकी देखभाल कौन करेगा।

    इस कारण पति मेरे पेट में पल रहे बच्चे का अल्ट्रासाउंड करवाकर बच्चे का लिंग पता करना चाहता था और कहता था कि अगर लड़की हुई तो इसका अबार्शन करवाना है, जिससे मैं सहमत नहीं हुई।

    इसी बात को लेकर मेरे पति ने 14 अप्रैल की शाम करीब चार बजे मेरी पिटाई की और फिर अगले दिन सुबह 8 आठ बजे मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। वो कहने लगा कि अगर तू अल्ट्रासाउंड नहीं करवाती तो मैं ये बच्चा तेरे पेट में ही खत्म कर दूंगा।

    उसने मेरे पेट में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुंचाने के लिए मेरे पेट में लातें मारीं, मुझे सिर के बालों से पकड़कर मेरा सिर दीवार में पटका और मुक्के और लातों से मेरे पूरे शरीर, दोनों बांहों और दोनों टांगों पर चोटें मारीं।

    मैंने अपने बचाव के लिए जोर-जोर से शोर मचाया तो मुझे रोकने के लिए वो रसोई से चाकू उठा लाया और चाकू से मुझ पर वार करने लगा। मैंने बचाव के लिए अपनी दोनों बाजू आगे कर दीं तो चाकू के वार मेरी दोनों बाजूओं पर लगे। मेरी चीख-पुकार सुनकर हमारे पड़ोसी गली में इकट्ठा होने लगे तो मेरा पति घर से फरार हो गया।

    मेरे शरीर पर काफी चोटें लगने के कारण मेरी हालत बहुत नाजुक थी। मुझे सिविल अस्पताल मुक्तसर में भर्ती कराया गया जहां से हालत गंभीर होने के चलते फरीदकोट मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। यहां जच्चा-बच्चा वार्ड में इलाज चल रहा है। पुलिस द्वारा आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।