विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पठानकोट में हथियारों के दम पर XUV लूटी, आतंकी कनेक्शन की आशंका से हाई अलर्ट

Published: Mon, 16 Nov 2026 11:07 AM (GMT+05:30)

पठानकोट के डाउनटाउन इलाके से गनपॉइंट पर सफेद महिंद्रा XUV500 लूटी गई। आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए पंजाब ...और पढ़ें

कार लूट की घटना के बाद पठानकोट में वाहनों व लोगों की जांच करते हुए पुलिस।

कार लूट की घटना के बाद पठानकोट में वाहनों व लोगों की जांच करते हुए पुलिस।

HighLights

  1. पठानकोट में गनपॉइंट पर महिंद्रा XUV500 कार लूटी गई।

  2. पंजाब-जम्मू कश्मीर सीमा पर सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर।

  3. लूटी गई कार के आतंकी वारदात में इस्तेमाल की आशंका।

जागरण संवाददाता, पठानकोट। पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर स्थित पठानकोट शहर के डाउनटाउन इलाके से गनपॉइंट पर एक XUV कार लूटने की घटना सामने आई है। घटना के बाद खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बल अलर्ट पर आ गए हैं। पूरे इलाके में हाई-अलर्ट जारी कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अज्ञात बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद कार लेकर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना सुजानपुर के अंतर्गत आते क्षेत्र में बीती रात एक अज्ञात युवक ने बंदूक की नोक पर एक ड्राइवर को डरा-धमकाकर सफेद रंग की XUV 500 कार नंबर PB-35-AA-9902 लूट ली। सुजानपुर पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) और आर्म्स एक्ट 25-54-59 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ड्राइवर ने बताई घटना की पूरी जानकारी

थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि सुजानपुर पुलिस को दिए बयान में प्रवीण सिंह उम्र करीब 40 वर्ष पुत्र स्वर्गीय रुमाल सिंह, निवासी महावीर मोहल्ला, वार्ड नंबर-04, बमियाल ने बताया कि वह प्रताप वर्ल्ड स्कूल, पठानकोट में बस ड्राइवर है। बमियाल के वार्ड नंबर-01 निवासी सन्नी वर्मा उनके पुराने परिचित हैं और अक्सर दूर-दराज आने-जाने के लिए उन्हें ड्राइवर के तौर पर साथ ले जाते हैं।

प्रवीण सिंह के पुलिस को दिए बयान के अनुसार, 15 नवंबर की रात वह सन्नी वर्मा की पत्नी ममता रानी, उनकी बेटी आनिया वर्मा और बेटे गुनथन को लेकर उनकी सफेद रंग की XUV 500 गाड़ी में 'डाउनटाउन' घुमाने के लिए लाए थे। वे रात करीब 9:10 बजे वहां पहुंचे। ममता रानी अपने दोनों बच्चों के साथ डाउनटाउन के अंदर चली गईं, जबकि प्रवीण सिंह ने गाड़ी का मुंह लखनपुर की तरफ करके हाईवे के किनारे पार्क कर दी और खुद गाड़ी के अंदर ही बैठे रहे।

रात करीब 9:25 बजे एक अज्ञात युवक, जिसने सिर पर काला परना बांधा हुआ था, गाड़ी के पास आया। उसने प्रवीण सिंह की छाती पर बंदूक तान दी और थप्पड़ मारते हुए धमकी दी कि जल्दी नीचे उतर जा, नहीं तो गोली मार दूंगा। घबराकर प्रवीण सिंह तुरंत गाड़ी से नीचे उतर गए, जिसके बाद आरोपी पलक झपकते ही गाड़ी लेकर माधोपुर की तरफ फरार हो गया।

जांच में जुटी पठानकोट पुलिस

सूचना मिलने पर थाना सुजानपुर के एएसआई जसबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए। शिकायतकर्ता ने बताया कि सामने आने पर वह आरोपी को पहचान सकता है। सुजानपुर पुलिस ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई जसबीर सिंह द्वारा की जा रही है और पुलिस आसपास के इलाकों व माधोपुर मार्ग पर नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

एसएसपी पठानकोट मनप्रीत सिंह के अनुसार, कार को लूटने के बाद हमलावर फरार हो गए। ड्राइवर को किडनैप नहीं किया गया है। ये कहना अभी सही नहीं है कि लूट की वारदता के बाद लुटेरे जम्मू-कश्मीर की तरफ भागे हैं। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस कंट्रोल रूम जम्मू ने जारी हुई चेतावनी

पुलिस कंट्रोल रूम जम्मू की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक, हथियारों से लैस अज्ञात हमलावरों ने गनपॉइंट पर कार चालक का अपहरण कर लिया और उसे गाड़ी सहित डाउनटाउन पठानकोट से कठुआ दिशा की तरफ ले गए।

अलर्ट के बाद पुलिस अधिकारियों, सुरक्षा इकाइयों और सीमावर्ती नाकों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नाकों पर हर वाहन की जांच की जा रही है।पुलिस हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों का कोई सुराग मिल सके।

यह भी पढ़ें- तहरीक-ए-तालिबान से जुड़े तार, बरेली पुलिस ने पकड़ा पाकिस्तान हथियार सप्लाई करने वाला गैंग, वाट्सएप से चैट में खुलासा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।