राजस्थान: नागौर में पटाखों के गोदाम में जोरदार धमाका, दो लोगों की मौत; 2 KM दूर तक सुनाई दी आवाज
नागौर के बड़ली में एक पटाखों के गोदाम में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

नागौर में पटाखों की गोदाम जलकर खाक।
HighLights
नागौर के बड़ली में पटाखों के गोदाम में लगी आग।
हादसे में दो लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल।
शॉर्ट सर्किट को आग का प्रारंभिक कारण माना जा रहा।
डिजिटल डेस्क, नागौर। राजस्थान के नागौर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़ली गांव में गुरुवार को पटाखों के एक गोदाम में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
जब धमाका हुआ तब गोदाम में तीन लोग मौजूद थे। इनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति घायल हो गया और उसका इलाज नागौर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल में चल रहा है।
कई किमी. दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पीड़ितों के शरीर के कुछ हिस्से पास के घरों पर जा गिरे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों के अवशेषों को इकट्ठा किया और उन्हें मुर्दाघर (मॉर्चरी) भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग की टीमें और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। धमाके की वजह से आसपास के कई घरों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।
आग पर पाया गया काबू
नागौर के तहसीलदार नरसिंह टैंक ने बताया कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, "घटनास्थल पर आग लगी थी, जिसे अब पूरी तरह से बुझा दिया गया है। हम अभी स्थिति की जांच कर रहे हैं। हमें सूचना मिली है कि दो लोगों की मौत हुई है। हम मामले की जांच करेंगे, जिसमें पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। जो भी तथ्य हैं, वे जांच के बाद स्पष्ट हो जाएंगे।"
सर्कल ऑफिसर जतिन जैन के अनुसार, इस जगह पर लंबे समय से बारूद और पटाखों का गोदाम चल रहा था। बारूद में आग लगने के कारण यह धमाका हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि गोदाम का लाइसेंस था और मालिकों के पास जरूरी दस्तावेज भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इस कारोबार से जुड़े लोग कई सालों से इस काम में लगे हुए थे। धमाके के सटीक कारण का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
मृतकों की पहचान मोहम्मद आमिर और मुजीब के रूप में हुई है, जो आपस में बहनोई-साले थे। घायल व्यक्ति का इलाज नागौर के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
यह भी पढ़ें: सीकर: गाय बेचना चाहता था पति, पत्नी ने किया मना तो गाड़ी से कुचलकर मार डाला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।