विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामायण में जटायु के भाई संपाती की वीरता भी थी खास, बिना पंख 100 योजन दूर से लगाया था माता सीता का पता

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:54 PM (GMT+05:30)

रामायण में जटायु के भाई संपाती ने माता सीता का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी दिव्य दृष्टि से 100 योजन दूर लंका में माता सीता को अशोक वाटिका में देखा और वानर सेना को सूचित किया।

रामायण में जटायु के भाई संपाती (Picture Credit: AI Generated)

रामायण में जटायु के भाई संपाती (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. संपाती ने जटायु को बचाने के लिए अपने पंख जलाए।

  2. ऋषि निशाकर ने संपाती को भविष्य में सीता खोज की बताई।

  3. संपाती ने 100 योजन दूर से सीता का पता बताया।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। रामायण में कई ऐसे पात्र हैं जिनकी वीरता का आज भी डंका बजता है और लोग उन्हें उनकी खूबियों की वजह से याद करते हैं। ऐसे ही आपने हाल ही में रामायण फिल्म में एक पात्र जटायु को देखा होगा। गिद्धराज जटायु की वीरता के बारे में आपने कई बार रामचरित मानस या रामायण में जरूर पढ़ा होगा।

यूं कहा जाए कि जटायु की वीरता की कहानी तो हर कोई जानता है और उन्होंने माता सीता को रावण के चंगुल से बचाने के लिए अपने प्राणों की बलि तक दे दी थी, लेकिन क्या आप उनके बड़े भाई संपाती के बारे में जानते हैं? संपाती ने भी गिद्धराज  जटायु की तरह प्रभ श्रीराम के साथ माता सीता का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आइए आपको बताते हैं उनकी अनोखी कहानी के बारे में।

कौन थे जटायु और संपाती?

रामायण की कथाओं के अनुसार, जटायु और संपाती दोनों गिद्धराज थे और दोनों भाई थे। वे दोनों ही अरुण देव और उनकी पत्नी श्येनी के पुत्र थे। अरुण देव भगवान सूर्य के सारथी थे और गरुड़ देव उनके भाई माने जाते हैं। इस तरह संपाती और गिद्धराज जटायु का संबंध भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ से भी था।

जटायु और संपाती दोनों भाइयों में अटूट प्रेम था। युवावस्था में वे अपनी शक्ति और उड़ने की क्षमता को लेकर काफी अभिमानी हो गए और एक दिन दोनों ने सूर्य के सबसे करीब पहुंचने की होड़ लगा दी।

छोटे भाई को बचाने के लिए संपाती ने जला दिए अपने पंख

उस होड़ में आगे पहुंचने और सूर्य के करीब जाने की कोशिश में जटायु आगे निकल गए, लेकिन सूर्य की तेज गर्मी से उनके पंख जलने लगे। छोटे भाई को संकट में देखकर संपाती ने अपने विशाल पंख फैलाकर उन्हें ढक लिया।

इस तरह जटायु की जान तो बच गई, लेकिन संपाती के पंख जलकर राख हो गए। पंख जलने के कारण संपाती आसमान से नीचे गिर पड़े और विंध्य पर्वत के पास समुद्र तट पर रहने लगे। वहीं दूसरी ओर जटायु पंचवटी पहुंच गए और राजा दशरथ के मित्र बन गए।

ऋषि की भविष्यवाणी ने जगाई नई उम्मीद

संपाती बिना पंखों के विंध्य पर्वत पर असहाय जीवन बिता रहे थे। उनके पुत्र सुबाहु उन्हें भोजन लाकर देते थे। इसी दौरान ऋषि निशाकर ने उनसे कहा था कि एक दिन भगवान राम के दूत माता सीता की खोज में उनके पास आएंगे। उनकी सहायता करने पर उनके पंख दोबारा लौट आएंगे। इसी भविष्यवाणी से संपाती के जीवन में एक नई उम्मीद जाग उठी और वो प्रभु श्री राम का इंतजार करने लगे।

100 योजन दूर से लगाया माता सीता का पता

जब हनुमान जी, अंगद और जामवंत समेत वानर सेना माता सीता की खोज करते हुए समुद्र तट पर पहुंची, तब संपाती को जटायु के बलिदान के बारे में पता चला। यह सुनकर संपाती भावुक हो गए। इसके बाद संपाती ने अपनी अद्भुत दृष्टि से समुद्र पार देखा और वानर सेना को बताया कि लंका में रावण ने माता सीता को अशोक वाटिका में रखा है। उन्होंने बताया कि लंका समुद्र से 100 योजन दूर है।

उनकी दृष्टि और संपाती की इस महत्वपूर्ण सूचना से वानर सेना में नया उत्साह जागा और हनुमान जी को समुद्र पार करके लंका पहुंचने का मार्ग मिला। इसी के साथ ऋषि निशाकर की भविष्यवाणी भी पूरी हुई और संपाती के पंख दोबारा निकल आए।

वास्तव में रामायण में जटायु और संपाती की वीरता सराहनीय है जिसने भाई प्रेम की शिक्षा दी और साहस की राह भी दिखाई।

यह भी पढ़ें- 14 साल वनवास, फिर भी कभी मलीन नहीं हुए कपड़े! आखिर क्या था माता सीता के वस्त्रों का दिव्य रहस्य?

यह भी पढ़ें- माता सीता ने भी दिखाया था रणभूमि में शौर्य, Ramayana के बाद चर्चा में जानकी का यह रूप; पढ़ें क्या है सच्चाई?

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।