बिना संकल्प क्यों अधूरी मानी जाती है तीर्थ यात्रा? समझें इसका महत्व और नियम
हिंदू धर्म में किसी भी तीर्थ यात्रा पर जाने से पहले संकल्प लेने की खास परंपरा है। माना जाता है ...और पढ़ें

क्या आप जानते हैं इस परंपरा का महत्व? (AI-Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में जब भी हम किसी धार्मिक कार्य या तीर्थ यात्रा पर जाने की प्लानिंग होती है, तो सबसे पहले 'संकल्प' लेने की बात आती है। हमारी प्राचीन परंपराओं में तीर्थ यात्रा से पहले संकल्प लेने का बहुत गहरा महत्व बताया गया है।
मान्यता है कि अगर आप बिना संकल्प लिए किसी भी तीर्थ स्थल के दर्शन के लिए जाते हैं, तो उस यात्रा का पूरा फल नहीं मिल पाता। संकल्प एक तरह से भगवान के सामने अपनी अटूट श्रद्धा और यात्रा के मुख्य उद्देश्य को स्पष्ट रूप से व्यक्त करने का माध्यम है।
धार्मिक कार्यों में क्यों जरूरी है संकल्प?
पौराणिक और धार्मिक ग्रंथों में संकल्प को किसी भी पूजा-पाठ, व्रत या धार्मिक कार्य की नींव माना गया है। जब कोई अपने इष्टदेव के सामने अपना नाम, गोत्र, स्थान और यात्रा का कारण बताता है, तो वह भगवान को अपनी सच्ची समर्पण दिखा रहा होता है। पौराणिक कथाओं में भी आपने सुना होगा कि चाहे आप घर में कोई छोटी सी पूजा कर रहे हों या सैकड़ों किलोमीटर दूर किसी तीर्थ पर जा रहे हों, अगर उसे बिना संकल्प के किया जाए, तो वह काम धार्मिक दृष्टि से अधूरा माना जाता है।
कैसे लें तीर्थ यात्रा का संकल्प?
संकल्प लेने का तरीका बहुत ही आसान है। यात्रा पर निकलने से ठीक पहले सुबह स्नान करके साफ और स्वच्छ कपड़े पहन लें। इसके बाद अपने दाहिने हाथ में थोड़ा सा शुद्ध जल, अक्षत (बिना टूटे हुए चावल) और फूल लें। अब आंखें बंद करके भगवान का ध्यान करें और अपना नाम, गोत्र, यात्रा की तारीख, तीर्थ स्थल का नाम और यात्रा का उद्देश्य बोलें। यह उद्देश्य कुछ भी हो सकता है। जैसे, किसी खास इच्छा का पूरा होना, पितरों की आत्मा की शांति या फिर पुराने पापों से मुक्ति।
यजुर्वेद के शुक्लयजुर्वेद के 34वें अध्याय से लिया गया मंत्र-
'तन्मे मनः शिवसंकल्पमस्तु'
इसका अर्थ है: मेरा मन हमेशा शुभ, कल्याणकारी और अच्छे संकल्पों वाला हो। मतलब हम जो भी यात्रा या शुभ काम शुरू करें, उसके पीछे हमारी नीयत एकदम साफ और सकारात्मक होनी चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान
सिर्फ संकल्प लेना ही काफी नहीं है, बल्कि उस संकल्प का मान रखना भी जरूरी है। संकल्प लेने के बाद यह जरूरी हो जाता है कि पूरी यात्रा के दौरान आपका आचरण एकदम सात्विक रहे। आपको झूठ बोलने से बचना चाहिए, किसी का बुरा नहीं सोचना चाहिए और किसी भी जीव को कष्ट नहीं देना चाहिए। तीर्थ स्थल पर पहुंचकर अपने संकल्प के अनुसार ही पूरे भाव से पूजा-अर्चना और यथाशक्ति दान-पुण्य करना चाहिए, तभी यात्रा सार्थक होती है।
यह भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर घर आया है नन्हा कान्हा? तो बच्चे के लिए चुनें भगवान श्रीकृष्ण के ये शुभ नाम
यह भी पढ़ें- 5 मुख और 10 भुजाओं वाले भगवान गणेश: जानिए कौन हैं 'हेरंब गणपति' और कैसे करें उनका व्रत?
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।
