विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंद मिनटों का लोन, जिंदगीभर की मुसीबत! फेक लोन एप्स से ऐसे रहें सावधान

Updated: Wed, 26 Aug 2026 03:15 PM (GMT+05:30)

फर्जी लोन एप्स चंद मिनटों में पैसे का लालच देकर आपकी वित्तीय और निजी जानकारी को खतरे में डाल सकते ...और पढ़ें

चंद मिनटों का लोन, जिंदगीभर की मुसीबत! फेक लोन एप्स से ऐसे रहें सावधान

चंद मिनटों का लोन, जिंदगीभर की मुसीबत! फेक लोन एप्स से ऐसे रहें सावधान

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। मेडिकल बिल देना हो, रेंट जमा करना हो या फिर बिजनेस के लिए अर्जेंट कैश या किसी अन्य कारणवश पैसे की जरूरत हो, तो स्वाभाविक है कि एक रास्ता लोन ही दिखता है। ऐसे में आप फोन को स्क्राल कर रहे हों और आपको कुछ ही मिनटों में लोन दिलाने वाला कोई विज्ञापन दिख जाए, तो संभव है कि आप उस पर क्लिक करके जानकारी करने लग जाएंगे, लेकिन ध्यान रखें कि एप डाउनलोड करने, जरूरी जानकारियां दर्ज करने और कुछ ही मिनट में पैसा प्राप्त करने का यह तरीका आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकता है।

जहां न केवल आपको पैसे से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं, बल्कि प्राइवेसी का खतरा भी आपके गले पड़ सकता है। बीते अप्रैल में दिल्ली पुलिस ने फेक लोन एप के जरिये ठगी करने वाले अपराधियों के एक बड़े सिंडिकेट को पकड़ा था। इससे कुछ ही समय पहले यूपीएसटीएफ ने फेक लोन के आरोपी पूर्व बैंक मैनेजर को गिरफ्तार किया था। दरअसल, फेक एप के जरिये ठगी के ऐसे मामले आए दिन चर्चा में रहते हैं।

इसी महीने सरकार ने संसद में जानकारी दी कि फेक लोन एप्स समेत 3718 मोबाइल एप्स को साइबर कोआर्डिनेशन सेंटर (आइ4सी) द्वारा ब्लाक किया गया है। बीते हफ्ते आइ4सी ने ही प्ले स्टोर पर मौजूद पांच खतरनाक फेक लोन की पहचान कर गूगल को यह निर्देश दिया था कि उन्हें हटाने के साथ यूआरएल को भी डिसेबल करे।

यूजर्स को फंसाने के लिए ये लोन एप्स वैध ऋणदाता के रूप में कम ब्याजदर पर त्वरित ऋण आफर करते हैं। इनके जाल में एक बार फंसने के बाद यूजर से वे न केवल अवैध वसूली करते हैं, बल्कि मानसिक तौर पर प्रताड़ित भी करते हैं।

खतरों को समझना क्यों जरूरी

खतरा सिर्फ पैसे खोने तक ही सीमित नहीं है। फर्जी एप आपकी संवेदनशील निजी जानकारियों, बैंकिंग क्रेडेंशियल या फोन में मौजूद जानकारियों का एक्सेस हासिल करने की कोशिश भी करते हैं। जानकारी नहीं होने पर यूजर द्वारा लोन के लिए अनावश्यक डिटेल्स भी कई साझा कर दी जाती हैं, जिससे निजी जीवन में साइबर अपराधी आसानी से घुसपैठ कर देते हैं। खतरा तुरंत भले ही न दिखे, लेकिन यह हमारे सोच से कहीं अधिक गंभीर हो सकता है।

वैधता के लिए दिखाते हैं छद्म रूप

ये एप्स असली फाइनेंशियल कंपनियों की नकल करते हैं। ये आपको बिना क्रेडिट जांच या बहुत कम जांच पर लोन कर सकते हैं, या एसएमएस मैसेज, इंटरनेट मीडिया और बिना मांगे भेजे गए लिंक के जरिये संभावित उधार लेने वालों तक पहुंच सकते हैं।

रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआइ) यूजर्स को यह सलाह देता है कि एसएमएस या इंटरनेट-मीडिया लिंक से मिले लेंडिंग एप्स को डाउनलोड नहीं करना चाहिए। साथ ही हमेशा यह भी जांचना चाहिए कि क्या एप किसी आरबीआइ-रेगुलेटेड बैंक या एनबीएफसी से जुड़ा है या नहीं।

WhatsApp Image 2026-08-26 at 3.03.00 PM

आकर्षण में छिपा है रेड फ्लैग

अगर कोई एप आपको कुछ ही मिनटों में लोन मंजूर करने, क्रेडिट चेक नहीं करने, बिना सत्यापन गारंटीड मंजूरी, खराब क्रेडिट को नजरअंदाज करने का वादा करे, तो यह सबसे बड़ा रेड फ्लैग है। ऐसे वादे उन लोगों को लुभाते हैं जो पारंपरिक ढंग लोन पाने के लिए मुश्किलों का सामना कर रहे होते हैं।

साइबर एक्सपर्ट कहते हैं कि लोन के विज्ञापनों और इंश्योरेंस या प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पहले से पैसे मांगने वाले किसी भी लोन के बारे में सावधान रहना चाहिए। आरबीआइ की मानें तो नकली लोन देने वाले अक्सर दबाव बनाने वाले तरीकों का इस्तेमाल करते हैं और बहुत अधिक ब्याज दरें वसूल सकते हैं। हमेशा ध्यान रखें कि जल्दबाजी कभी भी सत्यापन की जगह नहीं ले सकती।

हर एप फर्जी ही नहीं होता

डिजिटल लेंडिंग के बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि हर लोन ऐप धोखाधड़ी वाला ही है। सही डिजिटल लेंडिंग भारत के फाइनेंशियल सिस्टम का एक स्थापित हिस्सा है। बैंक और एनबीएफसी, आरबीआइ के नियमों के तहत क्रेडिट की सुविधा देने के लिए डिजिटल लेंडिंग एप और लेंडिंग सर्विस प्रोवाइडर्स का इस्तेमाल करना समझदारी भरा काम है।

समझें चेतावनी संकेतों को

सावधान रहें जब कोई एप या विज्ञापन:

  • आपके पैसे चुकाने की क्षमता का आकलन किए बिना लोन आफर करे।
  • आप पर तुरंत फैसला लेने का दबाव डाले।
  • लोन प्रोसेस करने या जारी करने से पहले एडवांस पेमेंट की मांग करे।
  • बिना मांगे आए एसएमएस, वाट्सएप मैसेज, अनजान लिंक के जरिए आए।
  • लोन देने वाले असली बैंक या एनबीएफसी के बारे में स्पष्ट जानकारी न दे।
  • बहुत सारी ऐसी पर्सनल जानकारी का एक्सेस मांगे जो लोन से जुड़ी हुई न लगे।
  • ब्याज, फीस, पैसे चुकाने और लोन की कुल लागत के बारे में साफ जानकारी न दे।
  • बैंकिंग पासवर्ड, पिन, ओटीपी या दूसरी गोपनीय जानकारी मांगे।
  • आरबीआइ की मानें तो यूजर्स को कभी भी ऐसी गोपनीय बैंकिंग जानकारी शेयर नहीं करनी चाहिए।

फोन को बनाएं सुरक्षा का कवच

यूजर्स सबसे बड़ी गलती होती है कि वे किसी एप की परमिशन को मामूली बात समझते हैं। लोन देने वाले एप्स को इंस्टाल करने से पहले देखें कि वह क्या एक्सेस मांग रहा है। ऐसी परमिशन न दें जिसकी एप को जरूरत ही नहीं है।

आरबीआइ के डिजिटल-लेंडिंग फ्रेमवर्क के तहत, रेगुलेटेड संस्थाओं को डाटा इकट्ठा करने से जुड़े सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है। इसमें डिजिटल लेंडिंग एप्स और लेंडिंग सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए स्पष्ट प्राइवेसी पालिसी होना जरूरी है।

ध्यान रखने वाली बातें

लोन की शर्तें: ब्याज दर, लोन चुकाने की शर्तें और किसी भी अतिरिक्त शुल्क को देखें।

लेंडर की विश्वसनीयता: पक्का करें कि लेंडर कानूनी तौर पर रजिस्टर्ड और रेगुलेटेड है। यूजर रिव्यू और रेटिंग देखकर उनकी विश्वसनीयता की जांच करें।

लोन चुकाने में सुविधा: पेमेंट रिमाइंडर और लोन चुकाने के आसान विकल्पों जैसे फीचर देखें, जो आपको बेहतर तरीके से लोन मैनेज करने में मदद कर सकते हैं।

एप का वेरिफिकेशन: बिना वेरिफाइ एप डाउनलोड करने से बचें। जिन एप के रिव्यू खराब हैं या यूजर रेटिंग कम है, उनसे दूर रहें।

स्थायी पते की जानकारी: अगर एप की नियम और शर्तें साफ नहीं हैं, तो यह एक बड़ी चेतावनी है।

एक्सपर्ट की राय...

बचाव के लिए थोड़ी सी सतर्कता है पर्याप्त
महेश शुक्ला, फाउंडर और सीईओ, PayMe

फर्जी लोन एप्स उन लोगों को निशाना बनाते हैं जिन्हें तुरंत कैश की जरूरत होती है या जिनके पास नियम-शर्तों को ध्यान से पढ़ने का समय नहीं होता। ये तुरंत मंजूरी का वादा करते हैं और इंस्टाल करने के बाद आपको फंसा लेते हैं। कुछ एप्स लोन मिलने से पहले ही प्रोसेसिंग फीस मांगते हैं। कुछ चुपके से आपके कांटैक्ट्स और फोटो का एक्सेस ले लेते हैं और फिर लोन न चुका पाने वालों को धमकाने और शर्मिंदा करने के लिए उनका गलत इस्तेमाल करते हैं।

अगर आप सतर्क रहें, तो इनसे बचना मुश्किल नहीं है। सबसे पहले देखें कि लेंडर आरबीआइ के साथ रजिस्टर्ड है या नहीं। कोई भी असली कंपनी ऐसी बातें नहीं छुपातीं। दूसरा, कभी भी ऐसे एप पर भरोसा न करें जो पहले पैसे मांगे या आपकी गैलरी और कांटैक्ट्स का एक्सेस चाहे। अगर कोई लोन का आफर बहुत ज्यादा अच्छा लगे तो उससे दूर रहें। ऐसे में दो मिनट रुकें और लेंडर के बारे में जांच-पड़ताल करें, क्योंकि सुरक्षित रहने के लिए बस इतना ही काफी है।

यह भी पढ़ें- Redmi का 6000mAh बैटरी वाला नया 5G फोन लॉन्च, 6.9 इंच 120Hz डिस्प्ले और MediaTek प्रोसेसर