फ्रेंच ओपन जीतने के बाद हटा दबाव, अब दिल मांगे मोर: ज्वेरेव
फ्रेंच ओपन जीतने के बाद एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने कहा कि दबाव हट गया है और अब उनकी भूख बढ़ गई ...और पढ़ें

एलेक्जेंडर ज्वेरेव की नजरें दूसरे ग्रैंडस्लैम खिताब पर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: फ्रेंच ओपन में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के बाद जर्मनी के स्टार टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव अब साल के अंतिम ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन में खिताब की तलाश में हैं।
ज्वेरेव ने कहा कि रोलां गैरो में ट्रॉफी उठाने से उनके कंधों से काफी दबाव हटा, लेकिन पहली ग्रैंडस्लैम जीत के बाद अब खिताब जीतने की उनकी भूख और बढ़ गई है। ज्वेरेव ने यह बात जियोस्टार द्वारा दैनिक जागरण के साथ विशेष रूप से साझा किए गए साक्षात्कार में कही।
सताती है चिंता
ज्वेरेव ने कहा कि करियर के इस पड़ाव पर उन्हें कभी-कभी यह चिंता होती थी कि ग्रैंडस्लैम खिताब उनके नाम होगा भी या नहीं। ऐसे में पहली ट्रॉफी जीतना उनके लिए बेहद खास रहा। हालांकि, उन्होंने कहा कि एक बार जब आप ग्रैंडस्लैम जीत लेते हैं तो आप और ज्यादा चाहते हैं। अब उनका लक्ष्य लगातार अच्छा टेनिस खेलना और अगले ग्रैंडस्लैम का भी दावेदार बनना है।
सालों की मेहनत ने बदला नतीजा
पहला ग्रैंडस्लैम जीतने के पीछे किसी एक बदलाव के बजाय ज्वेरेव ने वर्षों की मेहनत को श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि अपने करियर में कई बार वह खिताब के बेहद करीब पहुंचे और उनके पास शानदार मौके भी आए, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सके।
इटली के फ्लावियो कोबोली के विरुद्ध फ्रेंच ओपन फाइनल के पांचवें सेट को याद करते हुए ज्वेरेव ने कहा कि उस समय उनके अंदर जीतने का भरोसा और एहसास पहले के फाइनल मुकाबलों से अलग था। यही मानसिक बदलाव उनके लिए निर्णायक साबित हुआ। अब न्यूयॉर्क पहुंच चुके ज्वेरेव की नजर अगले ग्रैंडस्लैम पर है और वह यहां भी उसी सफलता को दोहराने की कोशिश करेंगे।
न्यूयॉर्क के कोर्ट पर लय हासिल कर रहे ज्वेरेव
यूएस ओपन के लिए न्यूयार्क पहुंचने के बाद ज्वेरेव ने कहा कि यहां के कोर्ट उन्हें कनाडा और सिनसिनाटी के मुकाबले थोड़े धीमे लग रहे हैं। हालांकि, उनका कहना है कि न्यूयॉर्क में ऐसा हमेशा देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि वह धीरे-धीरे अपनी लय और खेल को दोबारा हासिल कर रहे हैं और पहले मुकाबले तथा आगे आने वाली चुनौतियों को लेकर उत्साहित हैं। उनका लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेलना है।
न्यूयॉर्क की रातें खास
ज्वेरेव के मुताबिक न्यूयॉर्क में खेलना बाकी जगहों से अलग है। यहां स्टेडियम और दर्शकों की ऊर्जा बेहद खास होती है। उन्होंने विशेष रूप से न्यूयॉर्क की नाइट लाइफ को शानदार बताया और कहा कि वह उनमें खेलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह ग्रैंडस्लैम अपने सबसे बड़े स्टेडियम के लिए भी जाना जाता है और यही चीज न्यूयॉर्क को बाकी जगहों से अलग बनाती है।
नोट - यूएस ओपन का प्रसारण जियो हाटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर आप देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बीच मैच में उल्टी, साढ़े चार घंटे का संघर्ष; US Open के पहले ही दौर में बाहर हुए नोवाक जोकोविक
यह भी पढ़ें- US Open 2026: आसान जीत के साथ दूसरे दौर में जेसिक पेगुला, चोट ने खत्म किया कैस्पर रूड का सफर
