Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानिक सिनर ने जीत के साथ शुरू किया खिताबी अभियान, दामिर डजुमहुर को दी करारी मात

    Updated: Sun, 22 Mar 2026 06:24 PM (IST)

    जानिक सिनर ने मियामी ओपन में दमदार शुरुआत करते हुए दामिर डजुमहुर को 6-3, 6-3 से हराया। उन्होंने एटीपी मास्टर्स 1000 में लगातार 24 सेट जीतने के नोवाक ज ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जानिक सिनर

    एएनआई, मियामी। विश्व नंबर दो जानिक सिनर ने मियामी ओपन में दमदार जीत के साथ अपने खिताबी अभियान की शुरुआत की। उन्होंने पहले दौर में दामिर डजुमहुर को आसानी से हरा दिया। शनिवार रात खेले गए मुकाबले में हाल ही में इंडियन वेल्स ओपन का खिताब जीतने वाले सिनर ने दामिर को 6-3, 6-3 से पराजित किया।

    कैलेंडर वर्ष का अपना पहला खिताब जीतने के छह दिन बाद विश्व नंबर दो सिनर ने एटीपी मास्टर्स 1000 स्तर के टूर्नामेंटों में लगातार जीते गए सेटों के मामले में सर्बियाई दिग्गज नोवाक जोकोविक की बराबरी कर ली। दोनों के नाम 24 लगातार सेट जीतने का रिकार्ड है। सिनर इस श्रेणी के टूर्नामेंटों में 12 मैचों की जीत की लय में हैं, जिसमें पिछले नवंबर में पेरिस और इसके बाद कैलिफोर्निया के इंडियन वेल्स में खिताबी जीत शामिल है।

    सिनर का अगला मुकाबला

    सिनर का अगला मुकाबला 30वीं वरीयता प्राप्त कोरेंटिन माउटे से होगा, जिन्होंने टामस माखाच को 6-0, 1-6, 6-4 से हराया। सिनर ने एटीपी मास्टर्स 1000 में लगातार सीधे सेटों में जीत के अपने सिलसिले पर कहा कि मेरे लिए कभी-कभी स्कोरबोर्ड मायने रखता है। मैं एक खिलाड़ी के रूप में बेहतर बनने की कोशिश करता हूं और खुद को ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने की स्थिति में रखना चाहता हूं। मैं हर प्रतिद्वंद्वी को एक ही तरीके से लेता हूं, कोर्ट पर उतरकर सर्वश्रेष्ठ देने और सकारात्मक रवैये के साथ खेलने की कोशिश करता हूं।

    जीत के साथ गफ चौथे दौर में

    कोको गफ ने हमवतन एलिसिया पार्क्स को तीन सेटों में हराकर शानदार वापसी करते हुए मियामी ओपन के राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली। शुरुआती संघर्ष के बावजूद गफ ने मैच पर पकड़ बनाई और कई ब्रेक प्वाइंट बचाए। यह मियामी में अंतिम 16 में उनकी चौथी एंट्री है, जबकि 22 वर्षीय खिलाड़ी इस डब्ल्यूटीए 1000 टूर्नामेंट में अपने पहले क्वार्टर फाइनल की तलाश में हैं। गफ ने शुरुआती ब्रेक के साथ 2-0 की बढ़त बनाई, लेकिन पार्क्स ने लगातार छह गेम जीतकर पहला सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया।

    इसके बाद गफ ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया और अगले 13 में से 12 गेम जीतते हुए एक घंटा 50 मिनट में 2-6, 6-0, 6-1 से जीत दर्ज की। 2025 सत्र की शुरुआत से पहला सेट गंवाने के बाद डब्ल्यूटीए स्तर पर यह गफ की 11वीं जीत है। इस मामले में वह मैडिसन कीज और अनास्तासिया पोटापोवा की बराबरी पर हैं। इसी अवधि में सेट गंवाने के बाद सबसे ज्यादा जीत जेसिका पेगुला (13) के नाम हैं।