टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए रोजर फेडरर, सम्मान लेते हुए छलके आंसू; नम आंखों से कही दिल छू लेने वाली बात
दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर शनिवार को इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाने के दौरान भावुक हो गए।

रोजर फेडरर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एपी, न्यूपोर्ट (अमेरिका)। दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर शनिवार को इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाने के दौरान भावुक हो गए। बीस ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब जीतने वाले फेडरर अपने करीब 30 मिनट के भाषण के दौरान कई बार रो पड़े। पत्नी मिर्का का जिक्र करते हुए तो उनके आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे थे। मिर्का के स्वागत-परिचय भाषण के बाद फेडरर को मंच पर बुलाया गया।
उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि उन्हें इस समय रूमाल और धूप के चश्मे की जरूरत है, लेकिन आंसुओं को रोकना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। फेडरर ने मंच पर आते ही कहा कि यह बहुत ऊंचे स्तर का है और इसके बाद बोलना आसान नहीं होगा। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में पत्नी मिर्का से कहा कि पता नहीं, आपने चुपके से इसकी तैयारी तो नहीं की थी?
फेडरर ने इस दौरान अपने बचपन के आदर्श स्टीफन एडबर्ग और लंबे समय तक उनके कोच रहे सेवेरिन लुथी को याद किया। स्विस मैस्ट्रो के नाम से मशहूर फेडरर ने अपने शानदार करियर में आठ विंबलडन, छह ऑस्ट्रेलियन ओपन और एक फ्रेंच ओपन खिताब जीता। वह लगातार 237 सप्ताह तक एटीपी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रहे। वह करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले केवल आठ पुरुष खिलाड़ियों में शामिल हैं।
उन्होंने 2004 से 2008 तक लगातार पांच यूएस ओपन खिताब जीते और 10 लगातार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे, जिनमें से आठ में उन्होंने जीत हासिल की। फेडरर हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 272वें सदस्य बने। उन्होंने कहा कि टेनिस के इतिहास में खुद को इस स्थान पर देखना मेरे लिए बेहद खास है। इस खेल की समृद्ध विरासत का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।
फेडरर के साथ पूर्व खिलाड़ी और प्रसारक मैरी कैरिलो को भी हाल आफ फेम में शामिल किया गया। हाल आफ फेम में पहले से शामिल बिली जीन किंग ने उनका परिचय दिया। कैरिलो ने कहा कि हाल आफ फेम के इन दिग्गजों के बीच खड़े होकर सम्मानित होना मेरे सपने से भी बढ़कर है। बिली जीन किंग ने 69 वर्षीय कैरिलो की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने खेल पत्रकारिता में अपनी जगह बनाई है और न्यूपोर्ट में भी अपना स्थान अर्जित किया है।
यूएस ओपन की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिला: जोकोविक
नोवाक जोकोविक को किसी टूर्नामेंट में जल्दी बाहर होना भले ही पसंद नहीं हो, लेकिन इस बार वह सिनसिनाटी ओपन में शुरुआती हार को सकारात्मक रूप में देख रहे हैं। इस 39 वर्षीय दिग्गज ने कहा कि सिनसिनाटी में पहले ही दौर में बाहर होने से उन्हें यूएस ओपन की तैयारी के लिए करीब दो सप्ताह का अतिरिक्त समय मिला।
जोकोविक ने कहा कि देखते हैं मुकाबला कैसा रहता है। पिछले कुछ वर्षों में मेरे लिए शुरुआती मुकाबले काफी चुनौतीपूर्ण रहे हैं। उम्मीद है कि मैं पहली बाधा पार कर आगे लय हासिल कर सकूंगा। जोकोविक ने इस साल अब तक केवल 16 टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया है, जो एटीपी रैंकिंग में शीर्ष 95 खिलाड़ियों में सबसे कम है।
