धौलपुर खदान में नहाते समय बड़ा हादसा: भाई को बचाने के प्रयास में डूबीं तीन बहनें समेत चार की मौत
धौलपुर के आंगई थाना क्षेत्र में एक पत्थर की खदान में नहाते समय आठ लोग डूब गए, जिनमें से चार ...और पढ़ें

HighLights
8 लोग पत्थर की खदान में डूबे, 4 की मौत।
मृतकों में तीन सगे बहन-भाई और एक चचेरी बहन।
भाई को बचाने के प्रयास में तीनों बहनें भी डूबीं।
संवाद सूत्र, धौलपुर/आगरा। आंगई थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत धोंध के गांव बिरजा में लोक देवता हीरामन बाबा के मंदिर के पास रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के पास स्थित एक पत्थर की खदान में बरसात का पानी भर गया है। जिसने पोखर का रूप ले लिया है। इसमें नहाते समय 8 महिला पुरुष डूब गए। जिनमें से 4 की मौत हो गई, जबकि 4 को बचा लिया गया। जिनका इलाज बाड़ी अस्पताल में चल रहा है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र धौलपुर के गांव नथुआ पुरा, मोरोली निवासी करीब 30 लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर शनिवार शाम को हीरामन बाबा के मंदिर पर दर्शन के लिए गए थे। रात को वे वहीं रुके। रविवार सुबह ग्रामीण पास में ही स्थित खदान में भरे पानी में नहाने लगे।
इस दौरान रवि गुर्जर उर्फ भोलू (22) पुत्र लायक सिंह भी अपनी सगी बहन मनोरमा (23), बोटो (25) और चचेरी बहन कल्लो उर्फ निशा (21) पुत्री भवूति के साथ पानी में नहा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रवि नहाते समय मोबाइल से वीडियो भी बना रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जिस पर उसकी तीनों बहनों ने रवि को बचाने का प्रयास किया, जिसमें रवि व उसकी तीनों बहनें एवं 4 अन्य महिला पानी में डूब गई।
मृतकों में 3 सगे बहन-भाई और एक चचेरी बहन शामिल
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तुरंत रेस्क्यू चलाकर परिवार की 4 महिलाओं रीनू पत्नी श्यामू गुर्जर, गुड़िया पत्नी बंटू गुर्जर, रामबेटी पत्नी मुन्नालाल गुर्जर और लालो पत्नी पप्पू गुर्जर को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन रवि और उसकी तीनों बहनों का कोई पता नहीं लग सका। घटना की सूचना मिलते ही आँगई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिसने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर रवि और उसकी तीनों बहनों के शव पानी से बाहर निकाले और सरमथुरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई करने के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि खदान में पानी की गहराई 20 फुट से भी अधिक है। जिसका डूबने वाले अंदाजा नहीं लगा पाए। जिसकी वजह से ये हादसा हो गया।
आंगई थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि डूबने से एक ही परिवार की 3 लड़की और एक लड़के की मौत हुई है। वहीं 4 महिलाओं को रेस्क्यू कर बचा लिया गया है।
यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने दिया 6.50 लाख महिलाओं को तोहफा, रोडवेज बस में मुफ्त यात्रा; लखपति दीदी अब बनेगी उद्यमी
रक्षाबंधन पर पीहर आई थीं 2 बहनें
मृतका मनोरमा और बोटो की शादी हो चुकी है। मनोरमा की ससुराल मोहारी ताजपुरा थाना नादनपुर धौलपुर में है। जबकि बोटो की ससुराल राम रतन का पुरा थाना सिविल लाइन मुरैना मध्यप्रदेश में हैं। दोनों बहनें रक्षाबंधन मनाने ससुराल से पीहर आई थीं। यहां से वे पीहर पक्ष के लोगों के साथ हीरामन बाबा की जात करने के लिए गई थीं। वहीं मृतक निशा और रवि अविवाहित थे। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है तथा गांव में शोक की लहर है।
