दीपावली की खरीदारी करने गया परिवार, दो घंटे में ही चोर कर गया घर साफ
आगरा के आजाद नगर में एक परिवार के दीपावली की खरीदारी के लिए बाहर जाने पर चोरों ने घर में ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र के आजाद नगर में दीपावली की खरीदारी करने गए परिवार के घर में चोरी हो गई। करीब दो घंटे की घर से बाहर रहने पर चोरों ने मुख्य दरवाजे समेत अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद समेट लिए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध नजर आए हैं, जिनकी पहचान में पुलिस जुटी है।
पीड़ित सतेंद्र सिंह चौहान अपनी पत्नी विनीता और बेटी नेहा के साथ आजाद नगर में रहते हैं। उनका बेटा विक्की दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और साप्ताहिक अवकाश पर शनिवार सुबह घर पहुंचा था। रविवार सुबह करीब आठ बजे सतेंद्र सिंह बेलनगंज स्थित पीवीसी फैक्ट्री में अपनी ड्यूटी पर चले गए।
दोपहर करीब 12 बजे विक्की, नेहा और विनीता ने घर का ताला लगाकर ट्रांस यमुना कालोनी के बाजार में दिवाली की खरीदारी के लिए निकले। करीब सवा दो बजे जब तीनों वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर अलमारी और छोटे बक्सों के ताले भी टूटे पड़े थे और सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था।
घर की हालत देखकर विनीता रोने लगीं। विक्की चौहान के मुताबिक चोर एक जोड़ी सोने के झाले, एक जोड़ी झुमकी, एक बाला, दो सोने की चेन, तीन अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी भारी पायल, करीब 500 ग्राम वजन की एक जोड़ी कड़नी और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। उसमें दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। आगे की टीम जांच कर रही है।
